टॉप न्यूज़

राजस्व विभाग की समीक्षा; वसूली एवं कार्य में लापरवाही एवं बिना सूचना के अनुपस्थित तीन कर-संग्रहकों को नोटिस जारी, समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश

नोडल अधिकारी राजस्व के अनुसार अभी तक कुल राजस्व वसूली 4.70 करोड रूपये आ चुकी है, जो कि गत वर्ष की तुलना में काफी अधिक है

ग्वालियर। नगर निगम की राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने राजस्व विभाग की समीक्षा की। इस  दौरान वसूली एवं कार्य में लापरवाही पाए जाने पर एक कर संग्रहक सहित बिना सूचना अनुपस्थित पाये जाने पर दो कर संग्रहकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 

राजस्व विभाग के नोडल अधिकारी ने बताया कि अभी तक कुल राजस्व वसूली 4 करोड 70 लाख रूपये आ चुकी है। जो कि गत वर्ष से अधिक है। इस साल दुकान पीढ़ी, चबूतरा किराये से पहली तिमाही में 1 करोड 18 लाख रूपये की वसूली हुई है। बैठक में एमआईसी सदस्य प्रेमलता जैन, अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर, उपायुक्त सुनील चौहान, नोडल अधिकारी राजस्व  अनूप लिटोरिया सहित सभी राजस्व कर संग्रहक मौजूद थे। 

            नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बीते रोज राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। इस दौरान वसूली में लापरवाही बरतने पर राजस्व कर संग्रहक जसवंत कुशवाहा को नोटिस जारी करने के  साथ ही बिना सूचना अनुपस्थित दिनेश जाटव एवं रवि चौरसिया को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में नगर निगम की दुकान एवं पीढियों की समीक्षा करते हुए नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय ने कहा कि पिछले वर्ष 5 करोड रूपये की वसूली हुई थी, जबकि इस साल पहली तिमाही में महज 1 करोड 18 लाख रूपये की वसूली ही हुई है। कम वसूली पर नगर निगम आयुक्त ने कर संग्रहकों पर नाराजगी जाहिर की।

       ट्रेड लाइसेंस की समीक्षा करते हुए नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने निर्देश दिए हैं कि जिन ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण करना हैं उनके शत प्रतिशत लाइसेंस का नवीनीकरण किया जाएं । इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए हैं कि ट्रेड लाइसेंस बनाने के लिए प्रति सप्ताह टारगेट तय किए जाएंगे। 

       नगर निगम आयुक्त ने रिक्त संपत्तियों की समीक्षा करते हुए कहा  कि रिक्त सम्पत्तियों को लेकर उनके उपयोग हो यह संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें। इसके लिए इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार कर दें, जिससे रिक्त सम्पत्तियों के लिए योजना तैयार की जा सके। 

नगर निगम आयुक्त ने लीज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए हैं कि जिन स्थानों के लीज का नवीनीकरण किया जाना है, उनका शीघ्र नवीनीकरण किया जाए। इसके साथ ही लीज प्रकरणों में लापरवाही बरतने पर लिपिक ललित खटके को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सामुदायिक भवनों की जानकारी ली और निगम के गालव रेस्ट हाउस की मरम्मत के लिए जनकार्य विभाग को पत्र लिखने के निर्देश दिए। 

नगर निगम आयुक्त ने पार्किंग की समीक्षा में कहा कि नगर निगम की शहर में चिन्हित 31 पार्किंग हैं, इनमें से 7 का ठेका दिया गया है, जबकि 8 पार्किंग का संचालन नगर निगम के द्वारा किया जाता है। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि जहां पर पार्किंग की आवश्यकता नहीं है और वहां पर नगर निगम की पार्किंग बनी हुई है तो उसे डिनोटिफाइड कराने के लिए आवेदन दें। साथ ही जिन स्थानों पर नई पार्किंग की आवश्यकता है, वहां पर नई पार्किंग का प्रस्ताव तैयार कर दें।