करिअर

'राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026'; 8 से 13 अगस्त तक होगी, परीक्षा के सफल संचालन के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित, ग्वालियर में एक ही केंद्र पर आयोजित होगी मुख्य परीक्षा

यह परीक्षा कंपू लश्कर स्थित केआरजी कॉलेज परीक्षा केन्द्र पर प्रतिदिन एक सत्र में सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी, परीक्षा में लगभग 210 अभ्यर्थी शामिल होंगे

ग्वालियर। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन ग्वालियर में 8 अगस्त से 13 अगस्त तक किया जाएगा। परीक्षा लश्कर स्थित केआरजी कॉलेज परीक्षा केन्द्र पर प्रतिदिन एक सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में लगभग 210 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारु एवं सफल संचालन के लिए कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक-113 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 8 से 13 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से परीक्षा समाप्त होने तक कार्यशील रहेगा। परीक्षा संबंधी शिकायत, समस्या अथवा सुझाव के लिए अभ्यर्थी कंट्रोल रूम के दूरभाष 0751-2446214 अथवा अधीक्षक आरआई भगत के मोबाइल फोन नं. 94251-35143 पर संपर्क कर सकते हैं।

परीक्षा प्रभारी का दायित्व संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल को सौंपा गया है। वहीं आयोग द्वारा सेवानिवृत्त आईएएस कृष्ण मोहन गौतम को ग्वालियर जिले के लिए पर्यवेक्षण कार्य हेतु नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, डिजिटल या स्मार्ट घड़ी सहित किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, धातु की वस्तुएँ, बेल्ट, पर्स, बालों को बांधने वाले क्लचर, बक्कल, हाथ के बैंड, हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक बैल्ट, धूप का चश्मा, पेंसिल, रबर, पेंसिल बॉक्स, स्केल बैग्स, व्हाइटनर, पठन सामग्री तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर न आएँ। साथ ही जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। चप्पल इत्यादि पहनकर आने की अनुमति रहेगी।