अपना शहर

"शहर में दो दिन से भारी बारिश के कारण जल-भराव"; महानगर की कॉलोनियां बनी तालाब, कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने जायजा लिया, जल-निकासी की कार्रवाई तत्परता से करने के दिए निर्देश

बारिश के समय गलियों में पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है, वार्ड 31 में पिछले दो वर्षों से लगातार जलभराव की गंभीर समस्या है, शहर की कई पॉश कॉलोनियों के वाशिंदे भी जूझ रहे हैं इस समस्या से

ग्वालियर में पिछले 24 घंटों में हुई लगातार वर्षा के कारण जल भराव की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के साथ शहर में निकलीं और अधिकारियों को जल-भराव क्षेत्र से तत्काल जल निकासी के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि जहां भी जल भराव हो रहा है वहां अगर आवश्यकता है तो अस्थायी अतिक्रमण भी हटाने की कार्रवाई तत्परता से की जाए ताकि जल भराव की स्थिति न बन सके। 

कलेक्टर ने सूर्य नमस्कार तिराहे पर जल भराव की स्थिति का अवलोकन करते हुए निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि तत्परता से मशीनरी लगाकर जल निकासी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि यहां पर स्थायी समाधान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने भी मौके पर कार्य कर रहे निगम अमले को निर्देशित किया है कि जेसीबी एवं अन्य मशीनरी लगाकर जल निकासी की व्यवस्था तत्परता से की जाए। 

कलेक्टर चौहान एवं नगर निगम संघ प्रिय ने यूनीपेच फैक्ट्री रोड, डीडी नगर क्षेत्र में भी भ्रमण कर जल भराव की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्थायें तत्परता से करने के निर्देश दिए। कलेक्टर रुचिका चौहान ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अस्थायी अतिक्रमण के कारण जहां भी जल भराव की स्थिति बन रही है वहां से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी तत्परता से की जाए। 

कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त से कहा है कि शहर में जल भराव की स्थिति को देखते हुए तत्परता से कार्रवाई हेतु जहां भी आवश्यकता है वहां निगम के संसाधन के साथ-साथ किराए से भी मशीनरी की आवश्यकता हो तो ली जाए ताकि सभी जगह से जल भराव की स्थिति का तत्परता से निराकरण हो सके। 

कलेक्टर ने हरिशंकरपुरम कॉलोनी में भी जल-भराव की स्थिति का अवलोकन किया। मौके पर उपस्थित स्थानीय पार्षद  अर्पणा पाटिल ने कलेक्टर को बताया कि कॉलोनी में कई स्थानों पर जल भराव की स्थिति है। निगम का अमला एवं मशीनरी निरंतर कार्य कर रही है। जल भराव की स्थिति के स्थायी निदान के लिये सीवर लाइन का मिलान आवश्यक है।  निगम आयुक्त ने बताया कि सीवर लाइन के मिलान के कार्य को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह कार्य भी शीघ्र ही पूर्ण होगा ताकि आगामी दिनों में किसी प्रकार से जल भराव की स्थिति न बने। 

कलेक्टर चौहान ने निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया है कि वर्षा काल में निगम कंट्रोल रूम संचालित कर जहां भी जल भराव की सूचना प्राप्त होती है वहां पर तत्परता से कार्रवाई करें। शहर में कहीं भी जल भराव न हो, इसके लिये स्थायी समाधान के लिये भी निगम से कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।