ग्वालियर। शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम ग्वालियर पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बुधवार को शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त संघ प्रिय ने दीनदयाल नगर, गोले का मंदिर, सिटी सेंटर सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों पर चल रहे राहत एवं जल निकासी कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी चिन्हित जलभराव बिंदुओं पर संबंधित वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करें तथा कहीं भी जलभराव की स्थिति बनने पर बिना विलंब तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए।
निगमायुक्त ने कहा कि वर्षा के दौरान नागरिकों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना नगर निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निगम के सभी अधिकारियों एवं मैदानी अमले को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र से जलभराव की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का निराकरण किया जाए।
नगर निगम के अमले द्वारा शहर के विभिन्न जलभराव वाले स्थानों पर मड पंप, डी-वाटरिंग पंप, मशीनरी एवं पर्याप्त मैनपावर लगाकर तेजी से जल निकासी कराई गई। इसके साथ ही नालों एवं जल निकासी मार्गों की भी सतत निगरानी की जा रही है, जिससे वर्षा का पानी बिना किसी अवरोध के शीघ्र निकल सके।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि अत्यधिक वर्षा के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी प्रकार की जलभराव अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल नगर निगम के कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नगर निगम द्वारा मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी जोनल अधिकारियों, इंजीनियरिंग शाखा एवं संबंधित विभागों को लगातार सक्रिय रखा गया है, जिससे शहरवासियों को राहत प्रदान की जा सके।
बुधवार को आज आदित्यपुरम के अंतर्गत राजराजेश्वरी गार्डन के सामने एवं आसपास अधिक मात्रा में हो रहे जल भराव को मड पंप की सहायता से निकलवाने का कार्य किया गया। वार्ड क्र.-5 तिकोनिया पार्क के पास जल भराव को सीवर सक्शन मशीन से जल निकासी कराई। नरसिंह नगर में जलभराव हेतु लगाई गई मोटर से जल निकासी करवाई गई। भिंड रोड, दीनदयाल नगर सिंधिया स्टैच्यू, यूनिपेच फैक्ट्री पटरी रोड, महाराज कॉम्पलेक्स पर जल निकासी कराई गई। इसके साथ ही वार्ड 14 मॉ विहार कॉलोनी में जल निकासी कराई गई। साथ ही वार्ड क्रमांक 3 श्रीविहार कॉलोनी में जल भराव की समस्या का निरीक्षण स्थानीय निवासियों के साथ किया एवं सीवर चैंबर से जल निकासी कराई गई। वार्ड क्र.65 में बारिश के दौरान सभी नालों के मुहाने खुलवाए गए और बारिश के पानी की निकासी कराई गई। विजय नगर एक्सटेंशन पर मशीन लगाकर कच्ची नाली बनाकर जल निकासी कराई गई। वही वार्ड-2 झाड़ू वाला मोहल्ला में मड पम्प लगाकर जल निकासी कराई गई। नर्सिंग नगर में मोटर लगाकर जल निकासी कराई गई। इसके साथ ही कालपी ब्रिज रोड महाराष्ट्र बैंक के सामने, रेसकोर्स रोड, एकतापुरी कॉलोनी, कंपू थाना तिराहा, शिवाजी नगर, गोला का मंदिर, घासमंडी मिर्जापुर मस्जिद के पास, खेड़ापति मंदिर के अंदर, नयापुरा, लक्ष्मीबाई कॉलोनी सहित जहां-जहां जल भराव की सूचना मिलीं, वहां पर निगम अमले ने त्वरित कार्यवाही करते हुए जल निकासी कराई गई।
