टॉप न्यूज़

"गोहद में खाद-बीज भण्डार प्रतिष्ठानों पर औचक कार्रवाई"; कृषि विभाग के दल ने नमूने लिए, कार्रवाई देख भागे चार विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों को सील कर नोटिस चस्पा , तीन दिन में जवाब मांगा है

नोटिस का निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं किया तो एफआईआर की कार्यवाही की जाएगी, जिला स्तरीय कृषि अधिकारियों दल द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं, साथ ही कठोर कार्यवाही भी की जा रही है

ग्वालियर/ भिंड। जिले के मेहगांव एसडीओ तथा जिला  निरीक्षक शिवराज परमार ने आज शनिवार को अपने दल के साथ गोहद में संचालित खाद-बीज भण्डार प्रतिष्ठानों से नमूनों लेने की कार्यवाही की। दल को देखते ही गोहद चौक तथा गोहद मार्केट के ज्यादातर विक्रेता अपने प्रतिष्ठान को बंद कर भाग गए। जिला निरीक्षक परमार ने बताया कि गोहद चौक से विवेक बीज भण्डार से बाजरा बीज के तीन नमूने एकत्रित किए गये तथा प्रतिष्ठान पर पाई गई कमियों के सम्बन्ध में नोटिस जारी किया है, लेकिन अन्य विक्रेता जो दल को देखकर भाग गए उन पर कार्यवाही करते हुए पवैया बीज भण्डार, न्यू किसान बीज भण्डार, वैष्णवी किसान सेवा केंद्र, बालाजी एग्रो एजेंसी के प्रतिष्ठानों को सील कर नोटिस चस्पा किया है। साथ ही इन खाद-बीज विक्रेताओं को तीन दिन में जवाब प्रस्तुत के लिए  कहा गया है। यदि इनके द्वारा निर्धारित समय में तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है तो एफआईआर की कार्यवाही की जाएगी।

उप संचालक कृषि भिंड राम सुजान शर्मा ने बताया है कि जिले में किसानों को उच्च गुणवत्ता आदान सामग्री प्रदाय करना शासन और विभाग की प्रथम प्राथमिकता है, इसके लिए लगातार जिला स्तरीय दल द्वारा औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं, साथ ही कठोर कार्यवाही भी की जा रही है।