भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड की टीम को टेस्ट मैच में पराजित करने पर हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की बेटियों ने देश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी महिला क्रिकेट टीम ने दमदार विजय प्राप्त कर इतिहास रचा है।
भारतीय टीम की विजय में मध्यप्रदेश की बेटी सुश्री क्रांति गौड़ ने पहली पारी में 5 विकेट और मैच में कुल 7 विकेट लेकर इस जीत में अपना अहम योगदान दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विजय पर आज मध्यप्रदेश के साथ पूरा देश गौरवान्वित है।
लॉर्ड्स ग्राउंड पर महिला टीम ने पहली ही बार में चौका मारा
क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर बीते रोज 13 जुलाई 2026 को इतिहास रचा गया। वो भी ऐसा जिसने नई रिकॉर्ड-बुक की शुरुआत की है। ये इतिहास रचा है हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने। टीम इंडिया ने 142 साल बाद इस मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड महिला टीम को 270 रनों से हराया है।
लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर जीत भारत के लिए सपना रही है। यहां भारत की पुरुष टीम को पहली जीत के लिए 54 साल का इंतजार करना पड़ा था, लेकिन महिला टीम ने पहली ही बार में चौका मार दिया है।
