अपना शहर

नगर निगम अपील समिति के सदस्य का निर्वाचन 10 जुलाई को; निर्वाचन हॉल में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित,निर्वाचन के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंधन रहेंगे। पार्षदों को निर्वाचन के समय अपना पहचान पत्र लेकर आना अनिवार्य

समिति के एक सदस्य (अनारक्षित) के चुनाव के लिए परिषद सम्मेलन स्थल पर दोपहर 2.30 बजे से निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ होगी, कलेक्टर एवं एसएसपी ने गुरुवार को दोपहर निर्वाचन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर की अपील समिति के एक सदस्य (अनारक्षित) के निर्वाचन के लिए 10 जुलाई को नगर निगम परिषद सम्मेलन स्थल पर दोपहर 2.30 बजे से निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने वाले समस्त निर्वाचकगण (पार्षदगण) अपनी आईडी (पहचान पत्र) साथ लेकर आयेंगे तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सम्मिलित समस्त निर्वाचकगणों को परिषद हॉल में मोबाइल लेकर जाना प्रतिबंधित रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर रुचिका चौहान ने गुरुवार को दोपहर निगम परिषद कार्यालय पहुँचकर परिषद हॉल का निरीक्षण किया और निर्वाचन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया, एसडीएम अतुल सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम प्रदीप तोमर व मुनीष सिकरवार एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर रुचिका चौहान ने नगर निगम की अपील समिति के एक सदस्य के निर्वाचन के संबंध में अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए समय-सीमा में सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंधन किए जायेंगे।

10 जुलाई को होने वाला निगम परिषद का विशेष सम्मेलन स्थगित, सम्मेलन आयोजित करने की नवीन तिथि से शीघ्र अवगत कराया जायेगा

नगर निगम परिषद का विशेष सम्मेलन 10 जुलाई 2026 को दोपहर 3 बजे आयोजित किया जा रहा था, जिसे स्थगित किया गया है। निगम परिषद कार्यालय सचिव ने बताया कि 10 जुलाई 2026 को दोपहर 3ः00 बजे से निगम परिषद का विशेष सम्मेलन आयोजित किये जाने की सूचना प्रदान की गई थी, किन्तु  10.07.2026 को दोपहर 2ः30 बजे से अपील समिति के एक सदस्य के निर्वाचन की सूचना जिला कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी, ग्वालियर द्वारा जारी की गई है एवं इस संबंध में पुनः अपर आयुक्त के पत्र 09.07.2026 के द्वारा उक्तानुसार निर्धारित निर्वाचन की तिथि में परिवर्तन की स्थिति में निर्वाचन की प्रक्रिया दूषित होने का उल्लेख करते हुये निर्वाचन पूर्व निर्धारित तिथि 10.07.2026 समय दोपहर 2ः30 बजे से आयोजित किये जाने के संबंध में निर्देशित किया जाकर कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार निर्वाचन संबंधी व्यवस्थायें पूर्ण किये जाने के लिए आदेशित किया गया है।
अतः  10.07.2026 को अपरान्ह 3ः00 बजे से आयोजित निगम परिषद का विशेष सम्मेलन स्थगित किया जाता है। सम्मेलन आयोजित करने की नवीन तिथि से शीघ्र अवगत कराया जायेगा।