ग्वालियर। NIIT फाउंडेशन जो कि एक अशासकीय संस्था है, इसके द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में डिजिटल ट्रांसफॉरमेशन वैन चलाई जायेगी। मोबाइल डिजिटल शिक्षण चलित बस का उदेश्य वंचित एवं दूरस्थ समुदायों तक निशुल्क डिजिटल साक्षरता, साइबर जागरूकता रोजगारों एवं कौशल तथा AI की मूलभूत जानकारी पहुंचना है।
प्रारंभिक स्तर पर विद्यालयों आंगनबाड़ी केंद्र तथा ग्रामीण स्तर तक आधुनिक डिजिटल साक्षरता को सुलभ बनाकर डिजिटल साक्षर करने की प्रयास किया जा रहा है, जिससे मोबाइल अथवा साइबर फ्रॉड को रोका जा सके। लोग ख़ुद भी जागरूक हों और दूसरों को भी जागरूक करें। इस डिजिटल वैन मे 16 सीटर सुसज्जित मोबाइल कंप्यूटर प्रयोगशाला है जिसमें अनुभवी प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों द्वारा पूर्णतः निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण में प्रशिक्षणकर्ता द्वारा सुरक्षित इंटरनेट के उपयोग, डिजिटल नागरिकता, साइबर स्वच्छता ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों से सुरक्षा के विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्र में स्व सहायता समूह की महिला सदस्यों को एवं विद्यालय छात्र-छात्राएं एवं वरिष्ठ नागरिकों को स्पेशल लैब के माध्यम से जागरूक किया जायेगा।
इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ग्वालियर सोजान सिंह रावत द्वारा निर्देशित किया गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक ग्राम पंचायतो में डिजिटल साक्षरता की इस वैन को चलाकर डिजिटल साक्षरता विषय में एक अभियान चलाया जाए और अधिक से अधिक महिलाओं को इससे लाभावित किया जाए।
