ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सौंदर्यपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध एवं अनाधिकृत रूप से लगाए गए होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टरों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते रोज नगर निगम की होर्डिंग शाखा एवं मदाखलत अमले द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टरों को हटाया गया।
नगर निगम के नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान एवं नोडल अधिकारी होर्डिंग अनूप लिटोरिया के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान परशुराम चौराहा, गोविंदपुरी, भीमनगर, कुम्हारपुरा, द्वारकाधीश मंदिर क्षेत्र सहित आसपास के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 11 बड़े अवैध होर्डिंग हटाए गए, वहीं अनेक छोटे बैनर एवं पोस्टर भी निकालकर जब्त किए गए।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे तथा विद्युत पोलों एवं अन्य स्थानों पर लगाए गए होर्डिंग एवं प्रचार सामग्री न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करती है, बल्कि यातायात व्यवस्था में भी बाधा उत्पन्न करती है। इन्हें हटाने के लिए नगर निगम द्वारा नियमित रूप से अभियान संचालित किया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान निगम के मदाखलत अमले एवं होर्डिंग शाखा के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सभी चिन्हित स्थानों से अवैध प्रचार सामग्री हटाई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक अनुमति के होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टर लगाने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी तथा आवश्यकतानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों एवं संबंधित संस्थाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार के होर्डिंग, बैनर अथवा पोस्टर लगाने से पूर्व निगम की निर्धारित अनुमति अवश्य प्राप्त करें, ताकि शहर की स्वच्छता, सौंदर्य एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। निगम का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा।रहेगा।
