राजनीति

“जनसुविधा के विस्तार से विकास को नई गति", ग्वालियर बदल रहा है और विकास के पथ पर चल रहा है : ऊर्जा मंत्री तोमर ने उपनगर ग्वालियर में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया

इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया, सितम्बर 2026 तक अस्पताल का कार्य पूरा करने के निर्देश दिये, उन्होंने आशा जताई कि स्थानीय नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को ग्वालियर उपनगर के वार्ड 1 तथा 7 में 1.86 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली विभिन्न विकास योजनाओं का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षदगण सहित जिला प्रशासन, नगर निगम, विद्युत वितरण कंपनी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर बदल रहा है और निरंतर विकास के पथ पर चल रहा है। इस विकसित और समृद्ध होते ग्वालियर की प्रगति यात्रा को निरंतरता देने के लिए ग्वालियर को औद्योगिक हब के रुप में विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है, ताकि यहां के युवाओं को रोजगार के लिए शहर के बाहर न जाना पड़े। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि जनता की सुविधा और विकास ही हमारा संकल्प है। स्वच्छ और स्वस्थ ग्वालियर के निर्माण के लिए सरकार सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आज इन विकास कार्यों के भूमिपूजन से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। साथ ही स्थानीय नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह कार्य क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

इस दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वार्ड नंबर 1 स्थित बजरंग कॉलोनी की विभिन्न गलियों में 48 लाख की लागत से सीमेंट कांक्रीट रोड एवं नाली निर्माण कार्य, वार्ड नंबर 01 गुप्तेश्वर कालोनी की विभिन्न गलियों में 46 लाख की लागत से निर्मित होने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड एवं नाली निर्माण कार्य, वार्ड नंबर 01 गुप्तेश्वर कॉलोनी में 30 लाख की लागत से गुप्तेश्वर मंदिर के सामने स्थित धोबीघाट पर संत गाडके महाराज (रजक समाज) का सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य, वार्ड नंबर 01 लक्ष्मीपुरम में 38 लाख की लागत से नटखट हनुमान पार्क निर्माण कार्य के साथ ही वार्ड क्रमांक 07 प्रसाद नगर में 21 लाख की लागत से रामप्रकाश बैस के मकान से शिवशक्ति स्कूल तक निर्मित होने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

ऊर्जा मंत्री ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण, सितम्बर 2026 तक अस्पताल का कार्य पूरा करने के निर्देश दिये

इसके बाद ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बहोड़ापुर क्षेत्र स्थित केसरबाग में 30 बिस्तर के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएस सागर भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने पुरुष व महिला वार्ड, चिकित्सक कक्ष, दवा वितरण व्यवस्था के साथ अस्पताल का बारीकी से निरीक्षण किया।

ऊर्जा मंत्रीतोमर ने निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियर को सितम्बर 2026 तक अस्पताल का कार्य पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएस सागर को भी निर्देश दिए कि शीघ्र ही चिकित्सक एवं स्टाफ के उपकरण जैसे एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउंड मशीन आदि की डिमांड शासन को भेजें, ताकि तय समय-सीमा में अस्पताल चालू हो सके ।।