अपना शहर

एटीएम का कचरा फेंका सड़क पर, बैंक को नोटिस भेजने के दिए निर्देश, अतिक्रमण और जलभराव पर अपर आयुक्त के सख्त निर्देश

अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने बैंक कर्मचारी को फटकार लगाई, अपर आयुक्त ने बैंक मैनेजर को गंदगी करने पर नोटिस भेजने एवं जुर्माना लगाने के निर्देश दिए

ग्वालियर। बारिश के दौरान संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले अपर आयुक्त टी प्रतीक राव को सिटी सेंटर स्थित एसबीआई बैंक कर्मचारी द्वारा एटीएम से निकली पर्चियों का कचरा सड़क पर मिला। अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने बैंक कर्मचारी को फटकार लगाई। साथ ही अपर आयुक्त ने बैंक मैनेजर को गंदगी करने पर नोटिस भेजने एवं जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद गिर्राज कंसाना, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री महेन्द्र प्रसाद अग्रवाल, श्रीकांत कांटे, सहायक यंत्री अमित गुप्ता, अजय शाक्यवार, अजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी  तनुजा वर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी गौरव सेन आदि मौजूद रहे। 

अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सबसे पहले ब्लू लोटस एवं सन वैली के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने वहां पर सडक के गड्ढों को भरने एवं सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। वहीं अलापुर बांध क्षेत्र का निरीक्षण किया, यहाँ आमजन ने बताया कि बरसात के दौरान क्षेत्र में जलभराव होता है, जिस पर अपर आयुक्त ने वहां पर जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही शहर के एंट्री प्वाइंट पर सेल्फी पाइंट बनाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने महलगांव एवं म.प्र राज्य कर्मचारी आवास कॉलोनी में विकसित किए गए कल्पना चावला पार्क की स्थिति ठीक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को पार्क की बाउंड्री वॉल करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान सरस्वती नगर में नाले पर अतिक्रमण मिला। अपर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के संबंधित पटवारी से चर्चा कर नाले का सीमांकन करायें और जहां भी नाले के बहाव क्षेत्र में अतिक्रमण मिलता है, तो उसको तत्काल हटाने के निर्देश दिए। 

सिटी सेंटर पार्क का आमजन करेंगे देखरेख

सिटी सेंटर पटेल नगर स्थित पार्क का अपर आयुक्त ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर आम जनों ने अपर आयुक्त से कहा वह पार्क का संधारण कार्य करा दें। इसके बाद पार्क की देखभाल आमजन ही करेंगे। अपर आयुक्त ने इस पर सहमति दी।

ब्लू लोटस में आमजनों ने बताई समस्याएं

ब्लू लोटस कॉलोनी में खराब सड़क एवं जलभराव की समस्याएं स्थानीय लोगों ने बताई। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण आमजनों का कीचड़ के कारण बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। अपर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इस समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।