ग्वालियर। चंद्रबदनी नाका ग्वालियर स्थित डॉ. बीआर अम्बेडकर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संस्था स्तरीय काउंसलिंग (सीएलसी) के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है । इच्छुक अभ्यर्थी एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार महाविद्यालय में संस्था स्तरीय काउंसलिंग (सीएलसी) के लिए ऑनलाइन पंजीयन 4 जुलाई से प्रारंभ होकर 12 अगस्त 2026 तक किया जा सकेगा। काउंसलिंग के अंतर्गत प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को प्रातः 10:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाएगी। यदि निर्धारित प्रक्रिया के बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो 13 एवं 14 अगस्त 2026 को अंतिम चरण में भी प्रवेश की कार्रवाई की जाएगी।
इन ट्रेडों में प्रवेश उपलब्ध हैं
महाविद्यालय में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी तथा टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न शाखाओं में प्रवेश उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों से समय-सीमा के भीतर एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की गई है।
शासकीय भीमराव अम्बेडकर पॉलिटेक्निक कॉलेज के 10 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए चयन
शासकीय भीमराव अम्बेडकर पॉलिटेक्निक कॉलेज, ग्वालियर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति योजनाओं में सफलता प्राप्त की है। कॉलेज की 9 छात्राओं का चयन प्रगति स्कॉलरशिप स्कीम 2025-26 तथा एक छात्र का चयन स्वनाथ स्कीम के अंतर्गत हुआ है। चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिवर्ष ₹50 हजार की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपनी शैक्षणिक फीस के साथ-साथ अध्ययन से संबंधित अन्य आवश्यक व्यय भी वहन कर सकेंगे।
प्रगति स्कॉलरशिप स्कीम 2025-26 के लिए चयनित छात्राओं में आराध्या गुप्ता, कशिश गुप्ता, दीपिका राठौड़, रौनक माहौर, चेष्टा कुशवाहा, सलोनी मालाबारिया, अंशिका शिवहरे, अंजली कुशवाहा एवं राधा शर्मा तथा बबीता खंगार शामिल हैं। वहीं स्वनाथ स्कीम के अंतर्गत छात्र सौरभ सिंह तोमर का चयन हुआ है। प्रगति स्कॉलरशिप स्कीम के अंतर्गत छात्राओं का चयन उनकी शैक्षणिक मेरिट के आधार पर किया गया है, जबकि स्वनाथ स्कीम के अंतर्गत छात्र सौरभ सिंह तोमर का चयन विशेष पात्रता के आधार पर किया गया है।
कॉलेज प्रबंधन ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही विद्यार्थियों से शैक्षणिक उत्कृष्टता बनाए रखते हुए इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाने का आह्वान किया है।
