टॉप न्यूज़

कलेक्टर के निर्देश पर RTO ने ली बैठक ; आईएसबीटी से बस संचालन को गति देने की तैयारी: बस ऑपरेटरों के साथ हुई बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

आईएसबीटी को सफल बनाने प्रशासन करेगा हर संभव प्रयास, RTO कार्यालय में हुई बैठक में बस ऑपरेटरों को बताया कि जल्द ही शहर में ई-बस सेवा प्रारंभ हो रही है, शहर के विभिन्न हिस्सों से आईएसबीटी तक यात्रियों की पहुंच आसान होगी

ग्वालियर। आईएसबीटी (इंटर स्टेट बस टर्मिनल) के सुचारु संचालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा बस संचालन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग ने बस ऑपरेटरों की बैठक ली। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बस ऑपरेटरों को बताया कि शीघ्र ही शहर में ई-बस सेवा प्रारंभ होने जा रही है, जिससे यात्रियों की आवाजाही और अधिक सुगम होगी तथा आईएसबीटी तक यात्रियों की पहुँच भी बेहतर हो सकेगी। इससे बस ऑपरेटर्स को पर्याप्त सवारियां मिलेंगीं।

क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में आयोजित हुई बैठक में बस ऑपरेटरों ने बताया कि भिण्ड एवं मुरैना की ओर संचालित होने वाली बसों को आईएसबीटी से संचालित किया जा रहा है। हालांकि प्रारंभिक चरण में यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम होने से कुछ कठिनाइयाँ सामने आ रही हैं। हमें आशा है कि ये कठिनाइयां जल्द दूर हो जायेंगीं। बस ऑपरेटर्स ने आईएसबीटी के प्रभावी संचालन में शासन एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बस ऑपरेटर्स का कहना था कि अधिक से अधिक बसों का संचालन आईएसबीटी से करने के लिये हम सब द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। इस कड़ी में यात्रियों को भी आईएसबीटी पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। बैठक में आईएसबीटी के वेंडर प्रतिनिधि मनेन्द्र ने बस ऑपरेटरों को जानकारी दी कि यदि कोई वाहन स्वामी टिकट काउंटर का संचालन करना चाहता है, तो नियमानुसार उसे टिकट काउंटर उपलब्ध कराया जा सकता है।

बैठक में बस ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारी बलवीर सिंह तोमर, पदम गुप्ता,  हरीशंकर पटेल, देवेन्द्र सिंह जादौन (बबलू), मुरैना से  हरि सिंह सिकरवार, मुकेश सिंह एवं  रणवीर सिंह सहित स्मार्ट सिटी के प्रतिनिधि सिद्धार्थ पाठक तथा परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।