ग्वालियर। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में मंगलवार को आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। कलेक्ट्रेट के सभागार में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, अपर जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।
कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया।
जन-सुनवाई में प्राप्त हुए आवेदनों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये विभागीय अधिकारियों को आवश्यक टीप के साथ दिए गए। संयुक्त कलेक्टर सुरेश कुमार बरहादिया व एसडीएम झाँसी रोड अतुल सिंह सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने भी जन सुनवाई में आए लोगों की समस्याएं सुनी और निराकरण के लिए उनके आवेदन प्राप्त किए।किए।
