ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा किसानों की आमदनी केवल एक फसल से नहीं बल्कि बहु फसलों एवं उन्नत पशुपालन से बढ़ेगी। इस बात को ध्यान में रखकर सरकार द्वारा उन्नत व प्राकृतिक खेती के साथ-साथ पशुपालन को विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। हम अगले पाँच वर्ष में मध्यप्रदेश को नम्बर वन राज्य बनायेंगे। इसी कड़ी में सरकार नेशनल डेयरी विकास योजना के तहत ग्वालियर दुग्ध संघ सहित साँची दुग्ध उत्पादन संघ को भरपूर मदद दे रही है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को ग्वालियर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में उन्नत कृषि पर आयोजित हुई संभागीय कार्यशाला में मौजूद किसानों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कार्यशाला में भाषण देने के बजाय किसानों के जैविक व प्राकृतिक खेती पर अनुभव सुने, साथ ही उनसे सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में मूर्तरूप लेने जा रही हाईटेक नर्सरी एवं फ्लोरीकल्चर गार्डन का भी रिमोट से भूमिपूजन किया। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत लगभग 13 करोड़ रुपए की लागत से ग्वालियर के खुरैरी एवं ग्राम जहांगीरपुर में इस हाईटेक नर्सरी के प्रथम चरण का कार्य होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं कृषि से जुड़े अन्य विभागों की योजनाओं के तहत विभिन्न किसानों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने एक बुजुर्ग किसान से दीप प्रज्ज्वलन कराकर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया।
कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्क्रण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर व सरला रावत, जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश जाटव, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह बघेल, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक जादौन, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, किसान मोर्चा के पदाधिकारी गिर्राज व्यास व अमरदीप सिंह औलख सहित अन्य जनप्रतिनिधि इस कार्यक्रम में शामिल रहे।
सिंचाई रकबे को 100 लाख हैक्टेयर तक ले जायेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2023 के बाद सिंचाई रकबे में बड़ी बढ़ोत्तरी हुई है। वर्ष 2003 में प्रदेश का सिंचाई रकबा मात्र साढ़े 7 लाख हैक्टेयर था जो अब बढ़कर 44 हैक्टेयर हो गया है। इसे हम 100 लाख हैक्टैयर तक ले जायेंगे। चंबल-पार्वती-काली सिंध एवं केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजनाओ के माध्यम से यह संभव हुआ। उन्होंने इन परियोजनाओं की मंजूरी के लिये पीएम नरेन्द्र मोदी के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
किसान अब चिंता मुक्त होकर जमा कर सकते हैं कृषि ऋण
किसानों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब प्रदेश के कृषकों को 31 मार्च तक ऋण जमा करने की चिंता नहीं रही है। सरकार ने अब उन्हें ऋण जमा करने के लिये पूरे एक साल का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में सरकार द्वारा सभी प्रकार के कृषि उत्पादों व पशुपालन को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों की सहूलियतों का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
खिड़क प्रणाली के स्थान पर गौ-शालाओं की स्थापना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गौमाता कभी आवारा नहीं हो सकती। इसी भाव के साथ प्रदेश सरकार द्वारा गौ संरक्षण एवं स्वदेशी गाय पालन को विशेष बढ़ावा दिया है। सरकार ने इसी कड़ी में नगरीय क्षेत्रों में निराश्रित गायों को बंद करने के लिये कार्यरत खिड़क प्रणाली को समाप्त कर दिया है और बड़े पैमाने पर गौशालायें स्थापित की जा रही हैं। साथ ही देशी गायों में नस्ल सुधार के प्रयास भी प्रमुखता से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर की लाल टिपारा गौशाला की तरह प्रदेश के महानगर इंदौर, उज्जैन, जबलपुर व भोपाल में बड़ी- बड़ी गौशालाओं की स्थापना की जा रही है।
जैविक व प्राकृतिक खेती पर किसानों ने अनुभव साझा किए
उन्नत कृषि पर आयोजित संभागीय कार्यशाला में कृषकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन सभी कृषकों को अपने पास बुलाया और उत्साहवर्धन किया। ग्वालियर जिले के ग्राम बिलौआ निवासी उन्नत कृषक प्राण सिंह माथुर ने अपने अनुभव सुनाते हुए कहा कि वे अपने छोटे से कृषि फार्म में सफलतापूर्वक प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उन्होंने पाँच नए किस्म के पौधों की खोज की है, जिसे वैज्ञानिक स्तर पर मान्यता मिल चुकी है। उनके द्वारा ईजाद किए गए अमरूद की “बिलौआ-22” व “बिलौआ-रेड” किस्म पेटेंट हो चुकी हैं। प्राण सिंह अब तक 50 हजार से अधिक कृषकों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दे चुके हैं।
इसी तरह ग्राम देवरा निवासी बृजेन्द्र रावत ने कहा कि उन्होंने रासायनिक खेती छोड़कर पूरी तरह प्राकृतिक खेती को अपना लिया है। उन्नत प्राकृतिक खेती के लिये उनकी धर्मपत्नी को राष्ट्रीय स्तर पर पाँच अवार्ड मिल चुके हैं।
भगवानपुरा मुरार निवासी कृषक देवराज का कहना था कि वे अब प्राकृतिक पद्धति से गेहूँ व सरसों जैसी खाद्यान्न फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। इसके अलावा वे भिंडी, गेहूँ, मिर्च व आलू जैसी फसलें भी पैदा करते हैं।
इन किसानों को हितलाभ वितरित किए
मुख्यमंत्री ने संभागीय कार्यशाला में पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत शीतला माता मंदिर के पास ग्वालियर निवासी सतीश सोनी को पोप्स निर्माण इकाई के लिये 9.90 लाख रुपए, तिघरा रोड निवासी सूरज कुशवाह को फ्लोरमिल के लिये 7.50 लाख रुपए व सुश्री प्रतीक्षा सिंह को ऑयल मिल के लिये 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता वितरित की। इसी तरह मत्स्य पालन विभाग की योजना के तहत संगीता सिंह एसएसके देवकॉन प्राइवेट लिमिटेड दीनदयालनगर एवं शिवपुरी जिले की पोहरी की विनीता तोमर आकृति एसोसिएट को ककैटो जलाशय में 500-500 केज स्थापित करने के लिये कार्यादेश सौंपे।
जिले के 1800 किसान 3200 हैक्टेयर रकबे में प्राकृतिक खेती कर रहे हैं : कलेक्टर
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं कृषि के क्षेत्र में ग्वालियर की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिले में जैविक व प्राकृतिक खेती को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वर्तमान में जिले में लगभग 1800 किसान 3200 हैक्टेयर रकबे में प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। इससे किसानों के 4 एफपीओ भी जुड़े हैं। प्राकृतिक खेती के उत्पादों को अच्छा बाजार मुहैया कराने के लिये ग्वालियर में हर रविवार को “जैविक सेतु” हाट लगाई जा रही है। कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में उद्यानिकी का रकबा 8.5 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 1200 प्रतिशत तक ले जाने का कार्यक्रम तैयार किया गया है।
इन किसानों को हितलाभ वितरित किए
मुख्यमंत्री ने संभागीय कार्यशाला में पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत शीतला माता मंदिर के पास ग्वालियर निवासी सतीश सोनी को पोप्स निर्माण इकाई के लिये 9.90 लाख रुपए, तिघरा रोड निवासी सूरज कुशवाह को फ्लोरमिल के लिये 7.50 लाख रुपए व सुश्री प्रतीक्षा सिंह को ऑयल मिल के लिये 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता वितरित की। इसी तरह मत्स्य पालन विभाग की योजना के तहत संगीता सिंह एसएसके देवकॉन प्राइवेट लिमिटेड दीनदयालनगर एवं शिवपुरी जिले की पोहरी की विनीता तोमर आकृति एसोसिएट को ककैटो जलाशय में 500-500 केज स्थापित करने के लिये कार्यादेश सौंपे।
जिले के 1800 किसान 3200 हैक्टेयर रकबे में प्राकृतिक खेती कर रहे हैं : कलेक्टर
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं कृषि के क्षेत्र में ग्वालियर की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिले में जैविक व प्राकृतिक खेती को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वर्तमान में जिले में लगभग 1800 किसान 3200 हैक्टेयर रकबे में प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। इससे किसानों के 4 एफपीओ भी जुड़े हैं। प्राकृतिक खेती के उत्पादों को अच्छा बाजार मुहैया कराने के लिये ग्वालियर में हर रविवार को “जैविक सेतु” हाट लगाई जा रही है। कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में उद्यानिकी का रकबा 8.5 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 1200 प्रतिशत तक ले जाने का कार्यक्रम तैयार किया गया है।
समन्वित कृषि प्रणाली एवं बहु-स्तरीय कृषि पद्धति इकाइयों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री यादव ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विवि परिसर में पहुँचने के बाद यहां पर समन्वित कृषि प्रणाली इकाई एवं बहु-स्तरीय कृषि पद्धति इकाई का लोकार्पण भी किया। किसानों के लिए आधुनिक, टिकाऊ एवं लाभकारी खेती का यह व्यवहारिक मॉडल कृषि विश्वविद्यालय ने विकसित किया है।
इसी तरह “बहु-स्तरीय कृषि पद्धति इकाई” में एक ही खेत में विभिन्न ऊँचाई वाली फसलों का वैज्ञानिक संयोजन विकसित किया है। इससे भूमि, जल, पोषक तत्वों और सूर्य के प्रकाश का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित होता है। किसान एक ही खेत से पूरे वर्ष विविध फसलों का उत्पादन लेकर अधिक आय अर्जित कर सकते हैं।
कृषि विवि के कुलगुरू प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला ने बताया कि विश्वविद्यालय ने इन दोनों इकाइयों को जीवंत प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन मॉडल के रूप में विकसित किया है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर किसान अपने खेतों में इन तकनीकों को अपना सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा के उपहार स्वरूप लोगों को सौंपे हेलमेट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सड़क सुरक्षा के उपहार स्वरूप जिले के लगभग 50 लोगों को हेलमेट वितरित किए। साथ ही सभी से आग्रह किया कि आप सब स्वयं हेलमेट पहनकर दुपहिया वाहन चलाएं और दूसरों को भी इसके लिये प्रेरित करें। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा के लिये अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा हेलमेट वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने डाले दाने और बतखों ने चाव से खाए
कृषि विश्वविद्यालय परिसर में समन्वित कृषि प्रणाली के तहत मॉडल स्वरूप बनाए गए बहुउद्देश्यीय तालाब में जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दाने डालकर तालाब के दूसरे छोर पर तैर रहीं बतखों को पुकारा तो बतखें उनके नजदीक आ गईं और बड़े चाव के साथ दानों को खाया। उल्लेखनीय है कि इस तालाब को कृषि विश्वविद्यालय परिसर के भवनों से जुड़ीं वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं से भरा जाता है। तालाब के ऊपर एक बड़ा मुर्गी पालन बॉक्स बनाया गया है। मुर्गियों के चूज़ों की बीट इस तालाब में गिरती है जिसे मछलियां व बतखें खाती हैं। इस प्रकार एक संरचना से सफलतापूर्वक मुर्गी, मछली व बतख पालन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में संभागभर से आए प्रगतिशील किसान, जनप्रतिनिधि एवं संभाग आयुक्त मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
