ग्वालियर। शहर में संचालित अवैध स्विमिंग पूलों के खिलाफ खेल विभाग की कार्रवाई जारी है। खेल विभाग के अधिकारियों द्वारा शहर के विभिन्न स्विमिंग पूलों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान बिना परमिशन के जीवाजी क्लब सहित 8 अन्य स्थानों पर चलने वाले स्विमिंग पुलों को नोटिस जारी किया गया है।
नगर निगम के खेल विभाग के नोडल अधिकारी बीके त्यागी ने बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार बिना निगम में पंजीयन कराएं संचालित होने वाले स्विमिंग पुलों की जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे पूल के पानी को पूरी तरह साफ और स्वच्छ रखें तथा मध्य प्रदेश शासन द्वारा स्विमिंग पूल संचालन के लिए बनाए गए सभी नियमों व सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। इसके साथ ही बिना पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) के चल रहे पूलों के संचालकों को तत्काल रजिस्ट्रेशन कराने की समझाइश दी गई है। कार्रवाई के दौरान सहायक खेल अधिकारी जितेन्द्र यादव, सहायक खेल अधिकारी नमन कौरव एवं दीपक शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे।
जीडीसीए ने निगम को सौंपा 1.84 करोड़ का चेक ,लीज के नवीनीकरण के लिए निगमायुक्त ने जीडीसीए को पत्र लिखा था
ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) द्वारा रूपसिंह स्टेडियम की लीज नवीनीकरण की राशि का 1,84,86,000 (एक करोड़ चौरासी लाख छियासी हजार रुपये) का चेक नगर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर को सौंपा है।नोडल अधिकारी राजस्व अनूप लिटोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम द्वारा 30 साल के लिए जीडीसीए को रूपसिंह स्टेडियम लीज पर दिया है। लीज नवीनीकरण की राशि नगर निगम में जमा करने के लिए नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने 1 जुलाई को जीडीसीए को पत्र लिखा था। जिसमें 7 दिन के अंदर लीज नवीनीकरण की राशि नगर निगम के कोष में जमा करने के निर्देश दिए थे। इसके चलते 6 जुलाई को अपर आयुक्त प्रदीप तोमर (राजस्व) को जीडीसीए के सेक्रेटरी द्वारा यह चेक निगम को सौंपा है। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य अवधेश कौरव उपस्थित रहे।रहे।
