ग्वालियर/शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को आज शिवपुरी के पोलो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में ₹2,500 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि आज शिवपुरी के स्वर्णिम इतिहास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। अब शिवपुरी जिले से रक्षा क्षेत्र के नए सेक्टर की शुरुआत हो रही है, जहां अत्याधुनिक मिसाइलों का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ₹211 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन भी किया गया। बाद में उन्होंने अदाणी समूह द्वारा प्रदर्शित अत्याधुनिक हथियारों एवं रक्षा उपकरणों के मॉडलों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में अदाणी समूह से करण अदाणी, जीत अदाणी, ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर, विधायकगण शिवपुरी देवेन्द्र जैन, करैरा रमेश खटीक, कोलारस महेन्द्र सिंह यादव, पिछोर से प्रीतम लोधी, जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
