टॉप न्यूज़

औद्योगिक विकास विज़न को मिलेगा नया आयाम;शिवपुरी में मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को करेंगे ₹ 2,500 करोड़ के अत्याधुनिक अडानी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया भी समारोह में शामिल होंगे

सीएम 5 जुलाई को ट्रांजिट विजिट पर ग्वालियर आयेंगे, एयरपोर्ट पर कुछ देर रुकने के बाद हैलीकॉप्टर से शिवपुरी रवाना होंगे

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार 5 जुलाई को शिवपुरी में अडानी समूह द्वारा स्थापित किए जा रहे लगभग 2,500 करोड़ रुपए की लागत वाले अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना पीएम  नरेन्द्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के औद्योगिक विकास के विज़न को नई गति प्रदान करेगी। इस मौके पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया  द्वारा 211.29 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया भी जाएगा।

रोजगार के अवसर और स्थानीय उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसमें स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही क्षेत्र के छोटे एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

सीएम 5 जुलाई को ट्रांजिट विजिट पर ग्वालियर आयेंगे; एयरपोर्ट पर कुछ देर रुकने के बाद हैलीकॉप्टर से शिवपुरी रवाना होंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार 5 जुलाई को अल्प प्रवास पर ग्वालियर आयेंगे। ग्वालियर विमानतल पर कुछ देर रुकने के पश्चात हैलीकॉप्टर द्वारा शिवपुरी के लिये रवाना होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 जुलाई को दोपहर 2 बजे राजकीय विमान से भोपाल से चलकर ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पर पधारेंगे। कुछ देर रुकने के पश्चात दोपहर 2.10 बजे हैलीकॉप्टर द्वारा ग्वालियर से शिवपुरी के लिये रवाना होंगे। शिवपुरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव शाम 5.15 बजे फिर ग्वालियर आयेंगे और कुछ देर बाद राजकीय विमान से भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।