टॉप न्यूज़

जनगणना-2027 का द्वितीय चरण; ग्वालियर में 6 जुलाई से शुरू होगा द्वितीय चरण का पूर्व-परीक्षण, इस चरण में होगी जनसंख्या की गणना, इसके पूर्व 5 जुलाई तक चयनित क्षेत्रों के नागरिकों द्वारा स्व-गणना की प्रक्रिया संपादित की जाएगी

द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना कार्य किया जाना है, निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत जिले में द्वितीय चरण की तैयारियाँ जारी हैं, त्रुटिरहित जनगणना के लिए वार्ड क्र.-5 के चयनित क्षेत्रों में गणना का प्री-टेस्ट किया जाएगा

ग्वालियर। सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 'मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना' का कार्य गत मई माह में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। प्रथम चरण के सफल क्रियान्वयन के बाद अब द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाना है। निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में द्वितीय चरण की तैयारियाँ जारी हैं। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी  रुचिका चौहान ने जनगणना से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करते हुए सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित करें, ताकि जनसंख्या गणना का कार्य सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संपादित किया जा सके।

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सुचारु एवं त्रुटिरहित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्वालियर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-5 के चयनित क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का पूर्व-परीक्षण (Pre-test) किया जाएगा। यह पूर्व-परीक्षण 6 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक आयोजित होगा। इसके पूर्व 3 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक चयनित क्षेत्रों के नागरिकों द्वारा स्व-गणना (Self-enumeration) की प्रक्रिया संपादित की जाएगी।

पूर्व-परीक्षण के दौरान प्रगणक (Enumerators) चयनित क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार के सदस्यों की पहचान, जनसांख्यिकीय एवं सामाजिक विशेषताओं, भाषा, शिक्षा तथा अन्य आवश्यक जानकारियों का संकलन करेंगे। यह समस्त जानकारी निर्धारित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी।

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान ने चयनित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा स्व-गणना एवं प्रगणकों द्वारा जानकारी संकलन के दौरान सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएँ, ताकि जनगणना-2027 का कार्य सफलतापूर्वक एवं त्रुटिरहित रूप से संपन्न किया जा सके।