ग्वालियर। सभी क्षेत्राधिकारी अपने अपने कार्यालय की नियमित माॅनिटरिंग करें तथा क्षेत्रीय कार्यालय पर आने वाले नागरिक छोटे-छोटे कार्यों के लिए परेशान न हो, यह सुनिश्चित करें। यह संबंधित क्षेत्राधिकारी की जिम्मेदारी है कि उसके क्षेत्र में सभी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित हो। इसके साथ ही जल का अपव्यय रोकने को सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करें, जहां भी धुलाई सेंटर चल रहे हैं उन्हें तत्काल बंद करायें और अन्य कहीं भी लीकेज अथवा पानी का अपव्यय है तो उसको तत्काल ठीक कर जल का अपव्यय रोकें। यह निर्देश निगमायुक्त संघ प्रिय ने समय समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए।
निगम मुख्यालय में आयोजित समय समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप सिंह तोमर, अपर आयुक्त वित्त अरविंद शर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निगमायुक्त संघ प्रिय ने जलभराव की समीक्षा करते हुए नालों पर बने अतिक्रमण के कारण रुकने वाले जल बहाव क्षेत्र को लेकर चर्चा की तथा नालों से अतिक्रमण पर कार्यवाही न करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित भवन अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अवैध कॉलोनियों पर कार्यवाही न करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र अवैध कॉलोनियों पर कार्यवाही कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जीर्ण शीर्ण भवनों की जानकारी ली तथा सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्र अधिकारियों द्वारा अपने क्षेत्र में शून्य जीर्ण शीर्ण भवन की जानकारी दी है ऐसे क्षेत्रों का निरीक्षण करें। यदि वहां जीर्ण जर्जर भवन पाये जाते हैं तो संबंधित क्षेत्राधिकारी के खिलाफ कार्यवाही करें। वहीं रोड निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि बारिश के दौरान मुख्य मार्ग कहीं बंद न हो तत्काल कार्य पूर्ण करायें। इसके साथ ही सहायक यंत्री चंसोलिया एवं अजय शाक्यवार द्वारा नोटिस का जवाब न दिए जाने पर एक पक्षीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
साथ ही सीएम हेल्प-लाइन के प्रकरणों की समीक्षा में उन्होंने नोन अटेंडेंट एवं 50 दिवस से अधिक की शिकायतों को लेकर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके साथ ही वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर भी समीक्षा बैठक में चर्चा की गई, जिसमें सहायक यंत्री राजेश कश्यप ने बताया कि 55 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य चल रहा है। आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर भी कार्य कराया जाएगा। वहीं नाला सफाई को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने स्वच्छ ग्वालियर एप की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीरता से ऐप पर आने वाली समस्याओं का निराकरण करायें। इसके साथ ही अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने बताया कि वार्ड 61 से 66 तक सभी हैंडपंपों के क्लोरिनेशन का कार्य 01 जुलाई से 15 जुलाई तक करना है।
बैठक में निगमायुक्त द्वारा पीएम आवास योजना की समीक्षा के साथ ही 10 जुलाई तक गृह प्रवेश कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। वही पार्क विभाग, नामांतरण सहित अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
