ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार एवं नोडल अधिकारी (होर्डिंग) अनूप लिटोरिया के नेतृत्व में रविवार को शहरभर में अवैध होर्डिंग्स, बिल-बोर्ड और विज्ञापनों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर निजी भवनों पर लगे अवैध विज्ञापन, कोचिंग संस्थानों के बोर्ड तथा नियमों के विरुद्ध लगाए गए होर्डिंग्स को हटाने की प्रभावी कार्रवाई की गई।
यह अभियान थाटीपुर मयूर मार्केट, रॉक्सी पुल, एमएलबी कॉलोनी, सिटी सेंटर, गोविंदपुरी सहित शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अवैध विज्ञापन सामग्री हटाई गई, जिससे शहर का सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नगर निगम ने बताया कि निगम आयुक्त के आदेशानुसार संबंधित संस्थानों और भवन स्वामियों को 24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया था कि वे स्वयं अपने अवैध होर्डिंग्स और विज्ञापन हटा लें। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध विज्ञापनों को हटाया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध होर्डिंग्स और विज्ञापनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर जुर्माना और अन्य वैधानिक कदम भी उठाए जाएंगे।
नगर निगम की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि शहर में बिना अनुमति लगाए गए किसी भी प्रकार के विज्ञापन, होर्डिंग्स और बिलबोर्ड अब बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।जाएंगे।
