टॉप न्यूज़

जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन ; ग्वालियर जिले में भी अभियान के समापन दिवस 30 जून को विशेष ग्राम सभाएँ होंगी, ग्राम सभाओं में मुख्यमंत्री के संदेश का होगा वाचन

जिले में 18 हजार 466 से अधिक कार्य कराए गए, इन कार्यों से 24 लाख 4 हजार घन मीटर से अधिक जल ग्रहण क्षमता में वृद्धि हुई है, साथ ही जिले के 3 हजार 257 कृषक सीधे तौर पर लाभान्वित हुए हैं, कराए गए कार्यों का होगा प्रस्तुतिकरण

19 मार्च से जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू हुआ था, जिसका समापन 30 जून को होने जा रहा है, उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, जलदूतों एवं संगठनों का सम्मान किया जाएगा, जिन गाँवों व कस्बों में जल संरचनाओं का निर्माण हुआ है, वहां की पूरी  आबादी को जल संरक्षण व संवर्धन का लाभ मिलेगा

ग्वालियर। जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन दिवस 30 जून को ग्वालियर जिले में भी ग्राम सभायें आयोजित होंगीं। इस दिन जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संदेश का वाचन किया जाएगा। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत निष्पादित कार्यों, उपलब्धियों तथा लाभान्वित परिवारों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। ज्ञात हो ग्वालियर जिले में भी सम्पूर्ण प्रदेश के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर 19 मार्च से जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू हुआ था। जिसका समापन 30 जून 2026 को होने जा रहा है।

ग्वालियर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के दौरान लगभग 18 हजार 466 कार्यों का क्रियान्वयन किया गया है। इन कार्यों से 24 लाख 4 हजार घन मीटर से अधिक जल ग्रहण क्षमता में वृद्धि हुई है। साथ ही जिले के 3 हजार 257 कृषक सीधे तौर पर लाभान्वित हुए हैं। जिन गाँवों व कस्बों में जल संरचनाओं का निर्माण हुआ है वहां की सम्पूर्ण आबादी को जल संरक्षण व संवर्धन का लाभ मिलेगा। जिले में कराए गए कार्यों में ग्रामीण, नगरीय, वन, सिंचाई, शिक्षा, औद्योगिक तथा अन्य क्षेत्रों में जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन, जल गुणवता परीक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, नदी पुनर्जीवन तथा जन-जागरुकता से संबंधित विविध गतिविधियाँ सम्मिलित हैं।

अभियान के समापन दिवस पर आयोजित होने जा रही ग्राम सभाओं में जन-सहभागिता, श्रमदान एवं नवाचार के माध्यम से उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, जलदूतों एवं सामुदायिक संगठनों का सम्मान किया जाएगा। जल संरक्षण, जल सुरक्षा, भू-जल संवर्धन तथा वर्षा जल संचयन की भावी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी तथा ग्राम स्तर पर आगामी वर्ष के लिये कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

वीबीजी राम जी योजना पर भी होगी चर्चा

आगामी 01 जुलाई से प्रारंभ होने वाली "विकसित भारत - रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (VBG RAM G)" के विभिन्न आयामों एवं संभावित लाभों के संबंध में भी ग्राम सभाओं में चर्चा होगी। साथ ही अभियान के अंतर्गत निर्मित अथवा पूर्ण हुई महत्वपूर्ण जल संरचनाओं का जनप्रतिनिधियों द्वारा लोकार्पण कराया जाएगा।