टॉप न्यूज़

अजमेर की हाई सिक्यॉरिटी जेल में चंबल के खूंखार डकैत रहे 'जगन गुर्जर' की गला घोंटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने दी पूरे मामले की जानकारी

अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में हुए इस हत्याकांड से पूरे पुलिस महकमे और जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है, भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी ने जगन गुर्जर की हत्या की है

अजमेर। अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल से सोमवार को एक बेहद सनसनीखेज और बड़ी खबर सामने आई है। धौलपुर के कुख्यात और चंबल के खूंखार डकैत रहे जगन गुर्जर की जेल के भीतर ही गला घोंटकर हत्या कर दी गई है। 

 बताया जा रहा है कि भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी ने जगन गुर्जर की हत्या की है। हार्डकोर बंदी दोनों एक ही बैरक में बंद थे। इस वारदात से पूरे पुलिस महकमे और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जेल प्रशासन के तमाम आला अधिकारी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।

भारी पुलिस अमला मौजूद

 अजमेर पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर को जेल में जगन गुर्जर पर हमला किया गया, जहां प्रथम दृष्टया गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना मिलते ही अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़, गणेश राम, डिप्टी नॉर्थ मनीष बडगूजर और सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभू सिंह शेखावत दलबल के साथ जेल पहुंचे। वहीं, जेल प्रशासन की ओर से हाई सिक्योरिटी जेल अधीक्षक पारसमल जांगिड़, अजमेर सेंट्रल जेल अधीक्षक और अनंतेश्वर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर स्थिति संभाल रहे हैं। वहीं न्यायिक अधिकारी भी जेल पहुंचे गए हैं।

FSL और MOB की टीमों ने खंगाला घटना-स्थल

हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर वारदात की भनक लगते ही फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (MOB) की टीमों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। टीमों ने जेल और आसपास के पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में लेकर घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स, फुटप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।

दहशत का पर्याय जगन ने सात साल राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में फैले चंबल में खूब आंतक मचाया था

राजस्थान में दहशत का पर्याय बना जगन गुर्जर धौलपुर जिले के डांग क्षेत्र के भवुतीपुरा का रहने वाला था। साल 1994 में उसके जीजा की हत्या हो गई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने गांव के ही एक आदमी की हत्या कर दी थी। फिर पुलिस से बचने के लिए अपनी पत्नी और तीन भाइयों के साथ मिलकर चंबल के बीहड़ों में शरण ली और खुद की गैंग बना ली। जगन ने सात साल तक राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में फैले चंबल में खूब आंतक मचाया था।था।