ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त संघप्रिय एवं अपर आयुक्त फायर मुनीष सिंह सिकरवार के निर्देशन तथा उपायुक्त फायर रजनीश गुप्ता के मार्गदर्शन में नगर निगम ग्वालियर के फायर विभाग द्वारा बीते दिनों विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फायर सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाए जाने पर दो कोचिंग संस्थानों एवं एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कराया गया है।
फायर विभाग की टीम द्वारा रेलवे स्टेशन के समीप संचालित अभिज्ञान कोचिंग क्लासेस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में संस्थान में फायर सुरक्षा संबंधी कोई भी उपकरण स्थापित नहीं पाया गया तथा आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की पर्याप्त व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं थी। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अध्ययनरत होने तथा उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संस्थान को तत्काल प्रभाव से बंद करने की कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में जादौन आईएएस कोचिंग क्लासेस का भी निरीक्षण किया गया, जहां फायर सुरक्षा उपकरणों का पूर्णतः अभाव पाया गया। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फायर विभाग ने उक्त संस्थान के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया है और जादौन आईएएस कोचिंग क्लासेस को भी सील कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त फायर विभाग की टीम ने थाटीपुर स्थित नोनिहाल स्कूल यूनिफॉर्म प्रतिष्ठान के निरीक्षण में पाया गया कि परिसर में विभिन्न विद्यालयों की यूनिफॉर्म का बड़े पैमाने पर भंडारण किया जा रहा था तथा यूनिफॉर्म निर्माण का कारखाना भी संचालित था। परिसर में अत्यधिक मात्रा में कपड़ा सामग्री संग्रहित होने के बावजूद अग्नि सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं थीं। फायर उपकरणों के अभाव एवं संभावित अग्नि दुर्घटना के जोखिम को देखते हुए प्रतिष्ठान को भी तत्काल प्रभाव से बंद करने की कार्रवाई की गई।
फायर विभाग द्वारा संबंधित संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित फायर सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के बाद ही पुनः संचालन के लिए अनुमति प्राप्त की जाए।
इस कार्रवाई में फायर ऑफिसर उमंग प्रधान, धर्मेन्द्र भदौरिया, प्रशांत पाण्डेय, निकेत यादव, आशिक मुस्ताक, आशीष तोमर सहित फायर विभाग का अन्य अमला उपस्थित रहा।रहा।
