ग्वालियर। स्मार्ट मीटर लगाने, बिजली की दरें बढ़ाने एवं अनाप शनाप बिजली के बिल थोपने के साथ ही जर्जर सड़कों के विरोध में ग्वालियर विधान सभा में काँग्रेस ने गुरुवार की शाम जंगी प्रदर्शन किया गया।
ग्वालियर विधानसभा में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर, जर्जर सड़कों के विरोध में गुरुवार को जेसी मिल गेट से काँग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने लगभग एक किलोमीटर पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन किया है।
पैदल मार्च के दौरान जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि ग्वालियर में स्मार्ट मीटर नहीं लगने देगे, और जनता के साथ किसी भी प्रकार से अनुचित नहीं होने देंगे।
विरोध प्रदर्शन में काँग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने कहा कि उपनगर ग्वालियर की अधिकांश रोड जर्जर हो चुकी हैं, रोड गड्ढे में है या गड्ढे में रोड है पता ही नहीं चल पा रहा है। गंभीर हालत यह है कि रोज लोग चोटिल हो रहे हैं। भाजपा शासन कोई सुध नहीं ले रहा है। यहाँ बताना मुनासिब होगा कि नगर सरकार कांग्रेस की है और महापौर भी कांग्रेस की हैं, फ़िर भाजपा शासन ग्वालियर विस क्षेत्र की जर्जर सड़कों के लिए जिम्मेदार कैसे ठहराया जा सकता है।
जंगी विरोध प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता शर्मा ने स्मार्ट मीटर लगाने पर ऊर्जा मंत्री को घेरते हुए कहा कि जब वे कॉग्रेस में थे तब कहते थे स्मार्ट मीटर नहीं लगने दूँगा और आज खुद ही ऊर्जा मंत्री हैं, तब स्मार्ट मीटर लगवा रहे हैं, यह जनता के साथ धोखा है। उन्होंने अनाप-शनाप बिजली बिल देने और गरीबों के बिजली के कनेक्शन काटने का भी विरोध किया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा भाजपा सरकार एक ओर पूंजीपतियों के करोड़ों के बिजली बिल माफ करती है, वही दूसरी ओर गरीबों के कनेक्शन काटना गलत है, यह गरीबों के साथ अन्याय है।है।
