अपना शहर

'नगर निगम का सख्त निर्देश' ;15 दिन में प्राप्त करें कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र , भवन अधिकारियों को दैनिक रिपोर्ट देने के आदेश

भवन अधिकारियों को लिखित रूप से यह प्रमाणित करना होगा कि उनके क्षेत्र में कोई भी पात्र आवेदक कंप्लीशन सर्टिफिकेट से वंचित नहीं है

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर ने शहर में भवन निर्माण कार्यों की निगरानी और वैधता सुनिश्चित करने के लिए सभी भवन अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। अपर आयुक्त  टी प्रतीक राव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि जिन भवनों के लिए निर्माण अनुमति जारी की जा चुकी है, उनमें से कई आवेदकों को अभी तक कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है।

अपर आयुक्त टी प्रतीक राव द्वारा संबंधित क्षेत्रों के भवन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्र में भवन निर्माण अनुमति प्राप्त सभी आवेदकों को सूचित करें कि वे 15 दिनों के भीतर कंप्लीशन सर्टिफिकेट प्राप्त करना सुनिश्चित करें। इसके बाद भवन अधिकारियों को लिखित रूप से यह प्रमाणित करना होगा कि उनके क्षेत्र में कोई भी पात्र आवेदक कंप्लीशन सर्टिफिकेट से वंचित नहीं है।

नगर निगम ने इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग के लिए भी व्यवस्था की है। सभी भवन अधिकारियों को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट सिटी प्लानर को प्रस्तुत करनी होगी। वहीं, सिटी प्लानर को निर्देश दिए गए हैं कि वे संकलित दैनिक रिपोर्ट अपर आयुक्त को उपलब्ध कराएं।

नगर निगम के इस कदम को भवन निर्माण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने और अधूरे प्रशासनिक मामलों के शीघ्र निपटारे की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे भवन स्वामियों को अपने निर्माण कार्यों के वैधानिक दस्तावेज समय पर प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी और शहर में अनियमित निर्माण पर भी प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।सकेगा।