अपना शहर

चार शहर का नाका के पास नाले से हटाया 200 मीटर का अवैध अतिक्रमण, उधर ग्वालियर पूर्व विस में यातायात को अवरूद्ध कर रहे अस्थाई अतिक्रमण को हटाया

मानसून से पहले नालों की सफाई का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है, जलभराव से निपटने निगम अमला नालों के प्रवाह में बाधा बन रहे अवैध निर्माणों को भी लगातार हटा रहा है

ग्वालियर। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम द्वारा वर्षा पूर्व नालों की सफाई का अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए निगम का स्वास्थ्य अमला न सिर्फ नालों की सफाई कर रहा है, बल्कि नालों के प्रवाह में बाधा बन रहे अवैध निर्माणों को भी लगातार हटा रहा है।

सहायक यंत्री  कार्तिक पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय के निर्देशनुसार जोन 3 के वार्ड 8 चार शहर का नाका से लेकर मरघट चौराहा तक फैले मुख्य नाले पर लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण कर लिया था। इसके कारण नाले की नियमित सफाई और पानी की निकासी में भारी दिक्कत आ रही थी। निगम के स्वास्थ्य अमले ने नाले पर अवैध रूप से बने लगभग 200 मीटर लंबे रैंप, चबूतरे और अन्य पक्के अतिक्रमणों को हटा दिया गया है।

 पूर्व विस में ट्रैफ़िक अवरूद्ध कर रहे अस्थाई अतिक्रमण को हटाया

नगर निगम के मदाखलत अमले द्वारा सुगम यातायात के लिए शहर के विभिन्न स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।

मदाखलत अधिकारी  सत्येन्द्र सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी मदाखलत  केशव सिंह चौहान के निर्देशन में गोले के मंदिर से एयरपोर्ट तक झंडी, बैनर व दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर रखे सामान को हटवाया गया। इसके बाद मेट्रो टावर से हाथठेले वाले को हटाया गया। साथ ही मांढरे की माता के सामने से हाथ ठेले वाले को हटाया गया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी राजेश भदौरिया के साथ में आदित्यपुरम में बना अवैध चबूतरा को जेसीबी के द्वारा हटाया गया। कार्यवाही के दौरान मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह व मदाखलत अमला मौजूद रहा।रहा।