ग्वालियर। मोतीझील स्थित 68 एमएलडी पुराने वॉटर फिल्टर प्लांट में तकनीकी खराबी आने के कारण शहर के कई क्षेत्रों में रविवार, 21 जून 2026 को प्रातःकालीन जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। कार्यपालन यंत्री हेमंत शर्मा ने बताया कि 20 जून 2026 की सुबह मोतीझील जल-शोधन संयंत्र पर एमपीईबी की एमई बर्स्ट होने से नवीन एवं पुराना दोनों संयंत्र बंद हो गए थे।
उन्होंने बताया कि आवश्यक संधारण कार्य के बाद नवीन जलशोधन संयंत्र को पुनः चालू कर दिया गया, लेकिन पुराने संयंत्र में केबल एंड खराब होने के कारण उसे शुरू करने में विलंब हुआ। इसके चलते कई पानी की टंकियां अपनी पूर्ण क्षमता तक नहीं भर सकेंगी।
प्रभावित टंकियों में लक्ष्मीबाई कॉलोनी टंकी, वस्त्र नगर टंकी, चेतकपुरी टंकी, माधव नगर टंकी, जेएएच टंकी तथा आमखो टंकी शामिल हैं। इन टंकियों से जलापूर्ति प्राप्त करने वाले क्षेत्रों में इंदरगंज, दाल बाजार, लोहिया बाजार, ललितपुर कॉलोनी, नया बाजार, कंपू, आर्मी की बजरिया, जवाहर कॉलोनी, ईदगाह, आमखो पहाड़िया, चंद्रबदनी नाका क्षेत्र, पारस विहार, मुड़िया पहाड़, ओल्ड हाईकोर्ट क्षेत्र, वस्त्रनगर, चेतकपुरी, माधवनगर, विजय नगर, विवेक विहार, विजय नगर एक्सटेंशन, वसंत विहार तथा एजी ऑफिस के सामने का क्षेत्र शामिल हैं। 21 जून की सुबह होने वाली जलापूर्ति सामान्य से कम रह सकती है।
