ग्वालियर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 21 जून को अल्प प्रवास पर वायुसेना के विमानतल पर पधारेंगीं। कुछ देर रुकने के बाद वे हैलीकॉप्टर द्वारा ग्वालियर से श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क के लिये प्रस्थान करेंगीं। राष्ट्रपति 22 जून को सुबह 10.30 बजे हैलीकॉप्टर से वायुसेना के विमानतल पर पधारेंगीं और कुछ देर रुकने के बाद ग्वालियर से दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगीं।
राष्ट्रपति मुर्मु के ग्वालियर प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, वायुसेना के अधिकारियों एवं निगम के अधिकारियों ने वायुसेना विमानतल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विमानतल पर आईजी अरविंद सक्सेना, डीआईजी असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित वायुसेना के अधिकारीगण उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री दो दिनी प्रवास पर 21 जून को आयेंगे, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होंगे एवं राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट 21 व 22 जून को ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। वे 21जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के ग्वालियर प्रवास के दौरान अगवानी एवं विदाई के अवसर पर भी उपस्थित रहेंगे।
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट 21 जून को ग्वालियर आकर सुबह 6 बजे ग्वालियर किले पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 2.20 बजे वायुसेना के विमानतल पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के ग्वालियर आगमन के अवसर पर अगवानी करेंगे।
प्रभारी मंत्री सिलावट 22 जून को वायुसेना के विमानतल पर सुबह 10.30 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को ग्वालियर से दिल्ली रवाना होते समय विदाई देने भी मौजूद रहेंगे। प्रभारी मंत्री स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम लगभग 5.45 बजे ग्वालियर से भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
