ग्वालियर। राष्ट्रपति के ग्वालियर आगमन एवं श्योपुर जिले में स्थित कुनो नेशनल पार्क के प्रस्तावित भ्रमण को दृष्टिगत रखते हुए ग्वालियर पुलिस द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देशन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने हेतु जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, ढाबों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन जांच एवं सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा ठहरने वाले व्यक्तियों के रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त शहर के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की जा रही है तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। भ्रमण के दौरान अधिकारियों द्वारा सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं सजगता के साथ ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
ग्वालियर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। माननीय राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ग्वालियर पुलिस पूर्ण मुस्तैदी एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है।
