अपना शहर

'योगमय हुआ ग्वालियर'; 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जिले में भव्यता के साथ मनाया, ऐतिहासिक दुर्ग पर प्रभारी मंत्री के मुख्य आतिथ्य में हुआ जिला स्तरीय आयोजन, कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन पर पीएम मोदी के उदबोधन का सीधा प्रसारण भी हुआ

योग से मन को शांति मिलती है और शरीर निरोगी रहता है : प्रभारी मंत्री सिलावट व ग्वालियर सांसद भारत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया

ग्वालियर। पूरे देश और दुनिया के साथ ग्वालियर जिले में भी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गाँव-गाँव और शहर-शहर में सामूहिक योग कार्यक्रम हुए। ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग पर स्थित राजा मानसिंह तोमर के महल परिसर में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह भी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन पर पीएम नरेन्द्र मोदी के उदबोधन का सीधा प्रसारण भी हुआ। 

 प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश जाटव, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, साडा  अध्यक्ष  अशोक शर्मा, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, संभागीय आयुक्त  मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय ने सामूहिक योगाभ्यास किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों, योग संस्थाओं से जुड़े नागरिक, विद्यार्थी, शिक्षकगण व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक सामूहिक योग में शामिल हुए। 

 प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा भारत के लिए गौरव की बात है कि पीएम नरेन्द्र मोदी की पहल पर पिछले 12 साल से पूरे विश्व में योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा समृद्ध व विकसित भारत के निर्माण के लिये देश के हर नागरिक का शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। नियमित योगाभ्यास से यह संभव है। इसलिए सभी लोग योग को अपनी दिनचर्या का अंग बनाएं। योग करने से हमें नई ऊर्जा मिलती है। योग से शारीरिक ही नहीं मानसिक मजबूती भी मिलती है।  

 जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद प्रतिभागियों ने जब एक साथ-एक संकेत पर योगाभ्यास व प्राणायाम किए तो सम्पूर्ण वातावरण योगमय हो गया। सामूहिक योगाभ्यास ने लोगों के मानस पटल पर योग के प्रति गहरी छाप छोड़ी। 

जिलेभर में हुए योग कार्यक्रम के आयोजन 

 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्वालियर किले पर आयोजित किया गया। इसके साथ ही जिले भर में शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के कार्यक्रम आयोजित किए गए। शैक्षणिक, सामाजिक एवं अन्य संस्थाओं के साथ-साथ जिले भर के नागरिकों ने योग दिवस के अवसर पर योग कर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित की। समाज के सभी वर्गों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर न केवल योग किया बल्कि प्रतिदिन योग कर अपने जीवन को निरोगी और स्वस्थ बनाने का संकल्प भी लिया।