ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने शहर में चिन्हित जर्जर भवनों को खाली कराने और नालों पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों की सूची का पुनः सर्वे कर अद्यतन रिकॉर्ड तैयार किया जाए तथा भवन खाली नहीं करने वालों को नोटिस जारी किए जाएं।
बाल भवन स्थित टीएलसी कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, भवन अधिकारी राकेश कश्यप, पवन शर्मा , राजीव सोनी, यशवंत मैकले, राजू गोयल सहित सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निगमायुक्त ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि समान नागरिक संहिता के संबंध में आम नागरिकों से अधिक से अधिक फीडबैक प्राप्त किया जाए।
समीक्षा के दौरान भवन अनुज्ञा की फाइलें 170 दिनों से अधिक समय तक लंबित पाए जाने पर क्षेत्राधिकारी अभिषेक प्रसाद को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं नालों पर हुए अतिक्रमण की जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दे पाने पर क्षेत्राधिकारी राजेश भदौरिया को भी नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने नालों पर बने रैंप, पटाव और अन्य अवैध निर्माणों को अभियान चलाकर हटाने तथा नालों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां- जहां नालों पर अतिक्रमण हुआ है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाए।
बैठक में जर्जर भवनों की जोनवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में चिन्हित भवनों की सूची और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 151 चिन्हित जर्जर भवनों के अलावा पुनः सर्वे कर नई सूची तैयार की जाए तथा भवन खाली नहीं करने वालों के विरुद्ध नोटिस जारी किए जाएं।
अवैध कॉलोनियों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने चिन्हित 32 अवैध कॉलोनियों के खिलाफ शीघ्र एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) के अनुचित निस्तारण पर जुर्माने की कार्रवाई करने को भी कहा।
बैठक में सभी क्षेत्रीय कार्यालयों की छतों पर की जा रही व्हाइट टॉपिंग (कूल रूफ) की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों से पूछा गया कि व्हाइट टॉपिंग के बाद तापमान में कितनी कमी आई है। इसके अलावा सभी शासकीय कार्यालयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निगमायुक्त ने कहा कि जल्द ही शहर में स्टार रेटिंग मूल्यांकन के लिए टीम आने वाली है, इसलिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और लंबित कार्य समय रहते पूर्ण कर लिए जाएं।जाएं।
