टॉप न्यूज़

"भाटखेड़ी-रमऊआ परियोजना" क्षेत्र के सुनियोजित विकास की दिशा में जीडीए ने बढ़ाए कदम, जीडीए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने किया स्थल निरीक्षण

प्रस्तावित योजना के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, अधिकारियों ने योजना क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क नेटवर्क एवं समग्र विकास की संभावनाओं से अवगत कराया

ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के अध्यक्ष  मधुसूदन सिंह भदौरिया एवं उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शिवहरे ने मंगलवार को प्राधिकरण की प्रस्तावित टीडीएल-06 (भाटखेड़ी-रमऊआ) योजना क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान जीडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित योजना के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने योजना क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क नेटवर्क एवं समग्र विकास की संभावनाओं से अवगत कराया।

पूर्व मास्टर प्लान के अनुसार योजना क्षेत्र में लगभग 4.30 किलोमीटर लंबी एवं 18 मीटर चौड़ी सड़क तथा 1.70 किलोमीटर लंबी एवं 30 मीटर चौड़ी सड़क प्रस्तावित है। वर्तमान मास्टर प्लान के अनुरूप 18 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों ओर 100-100 मीटर तथा 30 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों ओर 200-200 मीटर क्षेत्र में सुनियोजित एवं समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

प्राधिकरण का उद्देश्य इस क्षेत्र को आधुनिक नगरीय सुविधाओं से युक्त विकसित करना है, ताकि भविष्य में नागरिकों को बेहतर आवासीय, वाणिज्यिक एवं सामाजिक अधोसंरचना उपलब्ध कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने तकनीकी तथा प्लानिंग शाखा के अधिकारियों को योजना के विकास से संबंधित आवश्यक कार्रवाई तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का प्रकाशन शीघ्र सुनिश्चित करने पर भी बल दिया, जिससे क्षेत्र का व्यवस्थित विकास हो सके और नागरिकों को उच्च स्तरीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर प्राधिकरण की तकनीकी एवं प्लानिंग शाखा के अधिकारी भी उपस्थित रहे।रहे।