ग्वालियर। अगले वित्तीय वर्ष के लिए ग्वालियर जिले की अचल संपत्तियों की प्रस्तावित बाजार मूल्य गाइड-लाइन के संबंध में सुझाव, दावे व आपत्तियां मांगी गईं हैं। आमजन 15 मार्च 2026 की शा म 6 बजे तक अपने सुझाव, आपत्तियाँ एवं सुधार प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रस्तावित गाइडलाइन का अवलोकन एनआईसी पोर्टल https://gwalior.nic.in के अलावा जिला पंजीयक कार्यालय तथा उप पंजीयक कार्यालय ग्वालियर, डबरा एवं भितरवार में किया जा सकता है।
ज्ञात हो कलेक्टर रुचिका चौहान की अध्यक्षता में गत 27 फरवरी को आयोजित हुई जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में वर्ष 2026-27 की गाइडलाइन के प्रस्तावों पर चर्चा हुई थी। बैठक में उप जिला मूल्यांकन समिति ग्वालियर, डबरा एवं भितरवार से प्राप्त अचल संपत्ति के बाजार मूल्य (प्रारूप गाइडलाइन) प्रस्तावों का परीक्षण किया गया। साथ ही बाजार मूल्य की वास्तविक स्थिति, पंजीकृत दस्तावेजों के मूल्य, क्षेत्र के विकास की अवस्था, सड़क संपर्क, व्यावसायिक गतिविधियों तथा स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर दरों के निर्धारण पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। समिति द्वारा यह भी निर्णय लिया गया कि जिन स्थानों पर 100 प्रतिशत से अधिक वृद्धि प्रस्तावित की गई है, उनका पुनः परीक्षण कर जहाँ विकास की दर अधिक है वहाँ दरों में वृद्धि की जाए। इसी तरह जहाँ पंजीयन की संख्या कम है वहाँ अनावश्यक वृद्धि न की जाए। बैठक में उप जिला मूल्यांकन समिति डबरा द्वारा कुछ विशिष्ट स्थानों पर कम वृद्धि प्रस्तावित किए जाने पर कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए कि संबंधित उप जिला मूल्यांकन समिति से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुधार किए जाएँ। साथ ही संशोधित प्रस्ताव आमजन के अवलोकन हेतु प्रकाशित किए जाएँ। वरिष्ठ पंजीयक अशोक शर्मा ने बताया कि बैठक में लिए निर्णयों के अनुसार प्रस्तावों में आवश्यक सुधार कर उन्हें आमजन के सुझाव एवं आपत्तियों के लिए प्रकाशित किया गया है। प्राप्त सुझावों व आपत्तियों के आधार पर अंतिम गाइड-लाइन का निर्धारण किया जाएगा।
