ग्वालियर जिले में भी विकसित मध्यप्रदेश का लक्ष्य हासिल करने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित कराया जा रहा है। साथ ही स्थानीय समस्याओं का निराकरण भी हो रहा है। अभियान के द्वितीय चरण में विकासखंड मुरार के अंतर्गत गत 16 फरवरी से अब तक 65 क्लस्टर स्तरीय शिविर लगाए गए । द्वितीय चरण के शिविर 16 मार्च तक जारी रहेंगे।
जनपद पंचायत मुरार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन शिविरों में कुल 6 हजार 637 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 5 हजार 970 आवेदन स्वीकार किए गए। साथ ही शेष आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया प्रचलन में है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार 6 मार्च को ग्राम पंचायत जग्गूपुरा में लगाए गए शिविर में 101 आवेदन प्राप्त हुए इनमें से 64 आवेदन मौके पर ही स्वीकृत किए गए।
संकल्प से समाधान अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्र के साथ-साथ शहरी क्षेत्र में भी शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के नोडल अधिकारी का दायित्व तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, बीईओ जोनल अधिकारी इत्यादि को नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा है।
अभियान के तृतीय चरण में 16 से 26 मार्च तक विकासखण्ड स्तर पर और चतुर्थ चरण में 26 मार्च से 31 मार्च के बीच जिला स्तर पर शिविर लगाए जाने हैं।
शिविर में भाग लेने के लिए पोर्टल पर आम नागरिक शिविर के पूर्व अपनी सुविधानुसार शिविर रोस्टर से शिविर का चयन कर अपना आवेदन पोर्टल पर दर्ज कर पंजीयन कर सकते हैं।
