ग्वालियर। विशेष न्यायाधीश (भृष्टाचार निवारण अधि. 1988) साबिर अहमद खान के कोर्ट द्वारा मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड लक्ष्मीगंज कार्यालय ग्वालियर के एई एवं जेई को बिजली चोरी का केस न बनाने के एवज में 30,000/रू की रिश्वत लेते रंगे हांथों लोकायुक्त द्वारा पकडने पर न्यायालय द्वारा 04 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।
अभियोजन की ओर से पैरवीकर्ता अधिकारी लोकयुक्त संभाग ग्वालियर ने प्रकरण के बारे में बताया कि, 05.01.2018 को आवेदक योगेन्द्र साहू निवासी न्यू-शांति नगर कालोनी, गेंडेवाली सड़क लश्कर ग्वालियर ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त कार्यालय ग्वालियर के समक्ष उपस्थित होकर एक आवेदन पत्र प्रस्तुत कर शिकायत की थी, कि उसके मकान का तीसरी मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने अज्ञानतावश खम्बे से सीधे तार डाल दिये थे। इसी दौरान मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड लक्ष्मीगंज जोन की टीम ने 15 दिवस पूर्व उसके घर का निरीक्षण किया था, लेकिन कोई लिखा-पढ़ी की कार्यवाही नहीं की थीं। इस संबंध में वह विद्युत विभाग के लक्ष्मीगंज कार्यालय में जाकर एई रोहित सेंगर एवं जेई अनूप कुमार से मिला था तो उन्होंने उक्त मामले में कोई कार्यवाही नहीं करने के एवज में 30,000/- रूपये रिश्वत की मांग की गयी थीं। आवेदक अनावेदक-गण को रिश्वत नहीं देना चाहता बल्कि उन्हें रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था।
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त के निर्देश पर निरीक्षक कविन्द्र सिंह चौहान द्वारा आवेदक से उसकी शिकायत के संबंध में नियमा अनुसार ट्रेप की कार्यवाही कर अपराध क्र.12/18 धारा 7, 13 (1), डी, 13 (2) पीसी एक्ट 1988 सहपठित धारा 120 बी, 420 भादवि पर दर्ज किया एवं निरीक्षक रानीलता नामदेव के ने विवेचना पूर्ण कर, अभियुक्त के विरूद्ध अभियोजन स्वीकृति प्राप्त कर कोर्ट में अभियोग पत्र वि.प्र.क. 02/2020 पर प्रस्तुत किया गया। प्रकरण मे जिला अभियोजन अधिकारी लोकायुक्त ग्वालियर ने पैरवी की गई, जिसमें अभियोजन की साक्ष्य एवं सफल विचारण के बाद अभियोजन मामला सिद्ध होने पर विशेष न्यायालय ग्वालियर द्वारा आरोपियों एई रोहित सेंगर एवं जेई अनूप कुमार ग्वालियर को धारा 7 में 3 वर्ष सश्रम कारावास और 10,000/- रु. के अर्थदण्ड धारा 13 (1), डी, 13 (2) पीसी एक्ट 1988 मे 4 वर्ष के सश्रम कारावास और 10,000/- रु. के अर्थदण्ड सहपठित धारा 120 बी भादवि में 3 वर्ष के सश्रम कारावास और 2000/ रु. धारा 420 भादवि मे 3 वर्ष के सश्रम कारावास और 2000/ रु. के अर्थदण्ड, से दण्डित किया है।
