ग्वालियर। लैंगिक अपराध से पीड़ित बच्चों को मानसिक आघात से उबारने, उन्हें भावनात्मक संबल देने और समाज की मुख्य- धारा से जोड़ने में जिले की ‘शौर्या दीदियां’ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस उद्देश्य से हाईकोर्ट, जबलपुर की किशोर न्याय समिति के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा न्यू कलेक्ट्रेट स्थित कलेक्टर सभागार में एक दिवसीय विशेष क्षमता-वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें लगभग 80 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रथम चरण में राज्य स्तरीय सत्र में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने उदबोधन दिया। ऑनलाइन प्रशिक्षण में राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय, गुजरात की वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी सुश्री शुभम ठुकराल, यूनिसेफ के बाल संरक्षण अधिकारी गोविंद बेनीवाल एवं सहायक संचालक डॉ. ऋजुता चौहान ने मनो-सामाजिक प्राथमिक उपचार, पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत सहायक सेवाओं तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को कानूनी पहलुओं की जानकारी भी दी
जिला कार्यक्रम अधिकारी उपासना राय तथा ICPS प्रभारी एवं नोडल अधिकारी मनीष सिंह की मौजूदगी में आयोजित प्रशिक्षण के ऑफ-लाइन सत्र में मुरैना के सहायक संचालक शालीन शर्मा एवं सीआईडी संस्था के उमेश वशिष्ठ ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विवि, गांधीनगर से पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं शौर्या दीदियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण में पुलिस थानों की महिला ऊर्जा हेल्प डेस्क प्रभारी, शौर्या दल के सदस्य, चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि 'शौर्या दीदियां' पीड़ित बच्चों की मित्र, मार्ग- दर्शक और सहयोगी बनकर उनकी काउंसलिंग, मानसिक आघात से उबरने तथा पुनर्वास की प्रक्रिया में मदद करेंगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास से जुड़े सभी संबंधित व्यक्तियों को अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए सक्षम बनाना है।है।
