ग्वालियर। नगर निगम सीमांतर्गत अवैध रूप से विकसित की जा रहीं अवैध कॉलोनियों पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। कॉलोनाइजरों द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश, ग्वालियर एवं नगर निगम ग्वालियर की अनुमति के बिना कॉलोनियों में विकास कार्य किए जा रहे थे। जिनके खिलाफ़ बुधवार को कार्रवाई करते हुए निगम अमले के द्वारा विकास कार्यों को हटाया गया।
भवन अधिकारी वीरेन्द्र शाक्य ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार के निर्देशन में नगर निगम सीमांतर्गत अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही हैै।
अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई के अभियान के तहत बुधवार को ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा वार्ड क्र.-64 के अन्तर्गत ग्राम शंकरपुर के सर्वे क्र. 856/1/1, 862/1, 862/2 लगभग रकबा 0.744 हेक्टेयर भूमि पर अनिल अग्रवाल पुत्र रमेशचन्द्र अग्रवाल, शिवानी अग्रवाल पत्नी नितिन अग्रवाल आदि के द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश ग्वालियर से स्वीकृति प्राप्त कर नगर निगम, ग्वालियर से बिना कॉलोनी विकास अनुज्ञा प्राप्त किये अवैध रूप से निर्मित कॉलोनी में विधिवत नोटिस की कार्यवाही के बाद सड़क, सीवर आदि हटाने की कार्यवाही की गई।
इसके साथ ही वार्ड क्र. 64 के अन्तर्गत ग्राम शंकरपुर के सर्वे क्र. 850/1, 852/2, 856/1/1 लगभग रकवा 0.633 हेक्टेयर भूमि पर हरिमोहन शिवहरे आदि के द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश एवं नगर निगम, ग्वालियर से बिना कॉलोनी विकास अनुज्ञा प्राप्त किये अवैध रूप से निर्मित कॉलोनी में सड़क, सीवर आदि हटाने की कार्यवाही की गई।
कार्यवाही में सहायक सिटी प्लानर मनीष यादव, भवन निरीक्षक अनिल श्रीवास्तव, सौरभ चौधरी, मदाखलत दस्ता एवं पुलिस बल आदि उपस्थित रहे।रहे।
