ग्वालियर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और अवैध अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़कों से अवैध दुकानों, हाथ-ठेलों और अस्थाई अतिक्रमणों को हटवाया गया।
मदाखलत के नोडल अधिकारी ने बताया कि निगमायुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश के अनुसार पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बैंक कॉलोनी, मरघट रोड, मुरार पर निर्माणाधीन बिल्डिंग की दीवारो, पीलरों, सेंटिंग प्लेटों आदि स्थायी निर्माण को जेसीबी मशीनों एवं दल (पूर्व, ग्वालियर,ग्रामीण) द्वारा तुड़ाई की कार्यवाही की गई। साथ ही कार्य स्थल पर सरिया बंडलों को जब्त कर मदाखलत कार्यालय हुरावली रोड़ स्थित मदाखलत कार्यालय पर रखवाया गया। इस कार्यवाही के दौरान सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार, सहायक सिटी प्लानर अमित गुप्ता, भवन अधिकारी यशवंत मैकले, मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र चौहान, संबंधित क्षेत्राधिकारी, मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह, श्रीकांत सेन, राघवेंद्र दीखीत सहित मदाखलत अमला मौजूद रहा।
थाटीपुर मस्जिद से मयूर मार्केट-दशहरा मैदान तक कार्रवाई
इसके साथ ही जल बिहार गेट के बाहर यातायात में बाधक रोड पर लगे हाथठेले वालों को हटवाया। इसके बाद थाटीपुर मस्जिद से मीट का हाथठेला एवं टेबल को जब्त कर रोड़ के दोनों तरफ से हाथठेले वालों को हटवाया गया। इसके साथ ही मयूर मार्केट के सामने शौचालय के बगल में लगे कबाड़ी का कांटा, कबाड़े से भरा बोरा जब्त कर हटाने की हिदायत दी गई। इसी तरह दशहरा मैदान में लगी गुमठी, झुग्गी झोपड़ियों को हटाने की सख्त हिदायत दी और तथा जब्त सामान को मदाखलत कार्यालय पर जमा किया।
भैंस डेयरी संचालकों से वसूला जुर्माना; गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही निरंतर की जा रही है
शहर स्वच्छ व साफ रहे इसलिए गंदगी फैलाने वालों, अमानक पॉलीथिन, गोबर नालियों में बहाने वालों एवं भवन सामग्री सडक पर डालने वालों पर निगम द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी में बताया कि निगमायुक्त एवं अपर आयुक्त के निर्देशानुसार गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। जिसके तहत आज ग्वालियर विधानसभा अंतर्गत स्वास्थ्य अधिकारी अजय ठाकुर के निर्देशन में वार्ड 7 में भैंस डेयरी संचालकों द्वारा गोबर की गंदगी फैलाने पर भैंस मालिकों से 4000 रूपये का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही शब्द प्रताप आश्रम पागल खाना चौराहा पर हाथठेले वालों एवं दुकानदारों से गंदगी फैलाने पर 2300 रूपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके साथ ही स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में वार्ड 49 में भैंस डेयरी संचालकों से ₹2000 का जुर्माना वसूला गया है। कार्यवाही के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेन्द्र परमार, जेडएचओ, डब्ल्यूएचओ एवं सहायक अमला मौजूद रहा।रहा।
