टॉप न्यूज़

"ग्वालियर में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली संस्थाओं का निरीक्षण": खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो केंद्रीकृत रसोईघरों से लिए खाद्य नमूने, जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अनियमितताओं पर नोटिस जारी करने की तैयारी, एक संस्था के स्टोर रूम में खाद्य सामग्री के उचित भंडारण की कमी पाई, केंद्रीकृत रसोईघर के फर्श पर रखे चावल में गंदगी मिली

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशों के पालन में अपर कलेक्टर के आदेशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन तैयार करने और वितरित करने वाली दो केंद्रीकृत संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक संस्था के स्टोर रूम में खाद्य सामग्री के उचित भंडारण की कमी पाई गई। यहां फर्श पर रखे चावल में गंदगी मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी लोकेन्द्र सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, आनंद प्रकाश शर्मा, निरुपमा शर्मा एवं लखनलाल की टीम ने यह कार्रवाई की।

वर्णिता महिला मंडल के स्टोर रूम में मिली अनियमितता

खाद्य सुरक्षा टीम ने शिवपुरी लिंक रोड स्थित बालाजी फार्म हाउस में संचालित वर्णिता महिला मंडल का निरीक्षण किया। यहां प्रभारी हितेश राय और प्रोपराइटर मंजुला साहू से संबंधित संस्था में सूजी का हलवा, आलू-छोले की सब्जी, अरहर की दाल, चावल, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर और जीरा के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम में खाद्य सामग्री का उचित भंडारण नहीं पाया गया। चावल फर्श पर फैले हुए थे और उनमें गंदगी मिली। इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत धारा 32 में नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।

 दूसरी संस्था सुशीला देवी महिला मंडल समिति से भी नमूने लिए

खाद्य सुरक्षा टीम ने स्टोन पार्क, पुरानी छावनी स्थित सुशीला देवी दीक्षित शिक्षा एवं समाज कल्याण महिला मंडल समिति का भी निरीक्षण किया। यहां प्रबंधक अतुल दीक्षित और प्रोपराइटर  उपमा दीक्षित से संबंधित संस्था की रसोई से आलू-छोले की सब्जी, सूजी का हलवा, रिफाइंड सोयाबीन तेल और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दोनों संस्थाओं से लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।