अपना शहर

राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विवि का सातवां दीक्षांत समारोह 16 अक्टूबर को, राज्यपाल पटेल की अध्यक्षता में होने जा रहे इस दीक्षांत में 67 स्वर्ण एवं दो वर्षो की कुल 368 उपाधियां प्रदान की जाएंगी

इधर राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज दोपहर दो दिवसीय प्रवास पर पधारे हैं, ग्वालियर विमानतल पर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया

ग्वालियर। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय का सप्तम दीक्षांत समारोह शुक्रवार 16 अक्टूबर को आयोजित होगा। इस दिन यह समारोह राज्यपाल मंगुभाई पटेल की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे से राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तानसेन सम्मान से अलंकृत प्रख्यात शास्त्रीय गायक पं. अजय पोहनकर (पुणे) होंगे। पं. पोहनकर द्वारा मंच से प्रस्तुति भी दी जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कृति शिक्षा उत्थान न्यास नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव  अतुल कोठारी एवं प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास व धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र लोधी को आमंत्रित किया गया है।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल की अध्यक्ष्यता में आयोजित होने जा रहे इस दीक्षांत समारोह में 67 स्वर्ण एवं दो वर्षो की कुल 368 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार के समारोह में वर्ष 2024- 25 और वर्ष 2025- 26 के विद्यार्थियों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। जिनमें वर्ष 2024- 25 के स्नातक की 115 व स्नातकोत्तर की 66 उपाधियां एवं वर्ष 2025- 26 के स्नातक की 113 व स्नातकोत्तर की 74 उपाधियां शामिल हैं। साथ ही अलग-अलग संकायों के कुल 67 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही अलग-अलग संकायों की कुल 14 शोध उपाधियां भी प्रदान की जाएंगी। जिनमें गायन की 5, तबला की 2 व चित्रकला की 7 उपाधियां शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन भी मंच पर किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।


राज्यपाल मंगुभाई पटेल दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पधारे, विमानतल पर हुआ आत्मीय स्वागत 

इससे पहले गुरुवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल राजकीय विमान से राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पर पधारे। विमानतल पर राज्यपाल का आत्मीय स्वागत हुआ। 

राज्यपाल  मंगुभाई पटेल गुरुवार को दो दिवसीय प्रवास पर दोपहर 12 बजे ग्वालियर विमानतल पर पधारे। विमानतल पर क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत, जनप्रतिनिधि श्री दीपक शर्मा व  राजू पलैया ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। 

विमानतल पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर  रुचिका चौहान, डीआईजी असित यादव,  पुलिस अधीक्षक  धर्मवीर सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।