ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय का द्वादश (12वां) दीक्षांत समारोह 15 अक्टूबर को राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। इस दिन दोपहर बाद 3.30 बजे विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित होने जा रहे इस दीक्षांत समारोह में 666 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जायेंगीं। कार्यक्रम में प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना एवं भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
दीक्षांत समारोह से पहले राज्यपाल मंगुभाई पटेल अपरान्ह 3.15 बजे कृषि महाविद्यालय स्थित सीएआईआई में नवीन सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट का लोकार्पण भी करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो अरविंद कुमार शुक्ला ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 4 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जायेंगे। इनमें स्नातक के 2 एवं स्नातकोत्तर व पीएचडी के 1-1 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा तीन विद्यार्थियों को सिरताज बहादुर सिन्हा स्मृति नगद पुरस्कार दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह में गत 01 अक्टूबर 2025 से 30 सितम्बर 2026 के बीच उपाधि पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जायेंगीं। इनमें स्नातक के 345 स्नातकोत्तर के 294 एवं पीएचडी के 27 विद्यार्थियों सहित कुल 666 विद्यार्थियों को मिलने वाली उपाधियां शामिल हैं। समारोह में छात्र-छात्राओं के साथ उनके परिजन भी शामिल होंगे।
इधर प्रभारी मंत्री सिलावट भी 14 अक्टूबर को ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे, निर्माणाधीन डॉ. अम्बेडकर स्मारक का करेंगे निरीक्षण
जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के जल संशाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट 14 अक्टूबर को ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। सिलावट ग्वालियर प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। साथ ही केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित ग्वालियर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी प्रभारी मंत्री करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री सिलावट 14 अक्टूबर को सुबह 9 बजे व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जल संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद जौरासी पहुँचकर निर्माणाधीन डॉ. अम्बेडकर स्मारक का निरीक्षण करेंगे। इसी क्रम में सुबह 10:40 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेंगे। प्रभारी मंत्री सिलावट दोपहर 12 बजे केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित ग्वालियर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने जायेंगे। सिलावट अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम 05:40 बजे रेल मार्ग द्वारा भोपाल प्रस्थान करेंगे।
