ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा बकाया संपत्ति कर की वसूली एवं नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को वार्ड क्र.-64 पुरानी छावनी क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित नवीन लोहा मंडी में संचालित 'शिव-कृपा' धुलाई सेंटर (आरओ प्लांट) को टैक्स जमा नहीं करने तथा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण सील कर दिया गया है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त मुनीश सिंह सिकरवार के निर्देशन में चलाए जा रहे संपत्ति कर वसूली अभियान के अंतर्गत निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध कार्रवाई की। जांच के दौरान टैक्स जमा नहीं किए जाने और आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धुलाई सेंटर (आरओ प्लांट) को सील किया गया।
कार्रवाई के दौरान उपायुक्त संपत्तिकर, ग्रामीण विधानसभा रजनीश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सौरभ चौधरी, राजस्व अधिकारी सत्येंद्र राजोरिया, टीसी सत्येंद्र सिंह, सहायक अमित अरोरा, विजय शर्मा सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम ग्वालियर की समय पर टैक्स जमा करने की अपील
नगर निगम द्वारा संपत्ति कर वसूली अभियान के माध्यम से बकायादारों को समय पर कर जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। निगम की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि बकाया कर का भुगतान नहीं करने तथा आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने संबंधित करदाताओं से अपील की है कि वे अपना बकाया संपत्ति कर समय पर जमा करें तथा आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें।
