क्राइम

"PHQ के आदेश पर दो दिनी रिफ्रेशर प्रशिक्षण"; हार्टफुलनेस प्रशिक्षक ने कराया मेडिटेशन, कानूनी प्रशिक्षण के साथ पुलिस के मानसिक स्वास्थ्य पर भी जोर, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार के साथ कानूनी प्रावधानों की व्यावहारिक जानकारी दी

नवीन कानूनों, गिरफ्तारी प्रक्रिया एवं जमानती-अजमानतीय अपराधों पर विवेचकों को मिला प्रशिक्षण, नई आपराधिक कानूनों पर ग्वालियर पुलिस का दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन

ग्वालियर। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेशानुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर ग्वालियर जिले में पदस्थ प्रआ से निरीक्षक स्तर तक के विवेचकों के लिए आयोजित दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार तथा कानूनी प्रावधानों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना रहा।

हार्टफुलनेस मेडिटेशन के माध्यम से तनाव प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस की शुरुआत हार्टफुलनेस प्रशिक्षक  हरिओम यादव द्वारा मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेडिटेशन कराने के साथ हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों को मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन एवं बेहतर स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण पुलिस ड्यूटी के बीच शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।

नए आपराधिक कानूनों एवं गिरफ्तारी प्रक्रिया की दी जानकारी

प्रशिक्षण के दूसरे दिन मेडिटेश के बाद एडीपीओ शर्मा द्वारा विवेचकों को नवीन आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के अंतर्गत जमानती एवं गैर-जमानती अपराधों तथा गिरफ्तारी की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार-पूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने विवेचना के दौरान कानूनी प्रावधानों का सही ढंग से पालन करने, निर्धारित वैधानिक प्रक्रियाओं को सुनिश्चित करने तथा कानूनों को व्यावहारिक रूप से लागू करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

विवेचकों की शंकाओं का किया गया समाधान 

प्रशिक्षण के द्वितीय सत्र में विवेचकों के साथ नवीन आपराधिक कानूनों, जमानती एवं गैर-जमानती अपराधों तथा गिरफ्तारी की प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की गई। एडीपीओ ग्वालियर पवन शर्मा ने विवेचकों की शंकाओं का समाधान करते हुए संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विवेचक होंगे पुरस्कृत 

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन उपस्थित विवेचकों की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विवेचकों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि परीक्षा में असफल रहने वाले विवेचकों का पुनः प्रशिक्षण कराया जाएगा, ताकि सभी विवेचक नवीन आपराधिक कानूनों एवं निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी प्राप्त कर सकें।

इस दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम से विवेचकों को नवीन आपराधिक कानूनों की बेहतर समझ विकसित करने, वैधानिक प्रक्रियाओं का प्रभावी ढंग से पालन करने तथा विवेचना को अधिक गुणवत्तापूर्ण, व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुखी बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया।