ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर की सड़कों को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सड़क मरम्मत एवं पेचवर्क कार्य निरंतर कराया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को देर शाम नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने मुरार क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग पर गारंटी पीरियड की अवधि वाली सड़कों पर चल रहे पेचवर्क कार्य का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त चौधरी ने मौके पर चल रहे सड़क मरम्मत कार्य का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि गारंटी अवधि के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर आवश्यकता के अनुसार पेचवर्क कार्य प्रभावी ढंग से कराया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आयुक्त चौधरी ने सड़क मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारी निरंतर क्षेत्र का निरीक्षण करें और जहां भी सड़क पर गड्ढे अथवा क्षतिग्रस्त हिस्से दिखाई दें,नियमानुसार वहां आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री सुरेश कुमार अहिरवार एवं कार्यपालन यंत्री राजू गोयल उपस्थित रहे।
