अपना शहर

"जलालपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में तकनीकी खराबी"; ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में आज कम दबाव से होगा जलप्रदाय: क्षेत्र की 33 पानी की टंकियां पूर्ण क्षमता से नहीं भरी जा सकी हैं...

जिसके कारण पूर्व विस क्षेत्र की बड़ी आबादी को पानी की आपूर्ति में कमी का सामना करना पड़ सकता है, वही जलकर वसूली में लापरवाही पर सख्ती के चलते लक्ष्य पूरा नहीं होने पर जिम्मेदारों का वेतन रोकने की कार्रवाई होना निश्चित है

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर के 160 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट जलालपुर के एचटी पैनल में तकनीकी खराबी आने के कारण जलप्रदाय व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसके चलते जलालपुर संयंत्र से पूर्व विधानसभा क्षेत्र की ओर होने वाली पानी की सप्लाई गुरुवार को बाधित रही है। तकनीकी खराबी के कारण क्षेत्र की 33 पानी की टंकियां पूर्ण क्षमता से नहीं भरी जा सकेंगी, जिसका असर आगामी जलप्रदाय व्यवस्था पर पड़ेगा।

नगर निगम के जलप्रदाय विभाग के अनुसार 16 अक्टूबर को पूर्व विधानसभा क्षेत्र में होने वाला जलप्रदाय कम दबाव के साथ किया जाएगा। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को पानी की आपूर्ति में कमी का सामना करना पड़ सकता है।

नगर निगम के कार्यपालन यंत्री जलप्रदाय शिशिर श्रीवास्तव ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलप्रदाय व्यवस्था प्रभावित रहने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पानी का आवश्यक भंडारण कर लें तथा उपलब्ध पानी का उपयोग सावधानी से करें, ताकि दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में परेशानी न हो। नगर निगम ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।

जलकर वसूली में लापरवाही पर सख्ती, लक्ष्य पूरा नहीं होने पर वेतन रोकने की होगी कार्रवाई, साप्ताहिक लक्ष्यों की पूर्ति करें तथा वसूली में सक्रियता से कार्य करें

वही नगर निगम ग्वालियर में जलकर वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अधिकारियों ने सख्ती बढ़ा दी है। निगमायुक्त  अभिषेक चौधरी के निर्देश के अनुसार कार्यपालन यंत्री दक्षिण विधानसभा प्रवीण दीक्षित द्वारा जलकर वसूली की निरंतर समीक्षा की जा रही है। साथ ही साप्ताहिक वसूली लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सहायक यंत्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

इसी क्रम में कार्यपालन यंत्री दीक्षित ने सहायक यंत्री उपेंद्र भदौरिया एवं विपिन दुबे को निर्देश दिए हैं कि वे उपयंत्रियों एवं वसूली दल के साथ प्रतिदिन सुबह 8 बजे से बड़े बकायादारों के यहां पहुंचकर जलकर वसूली की कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि वसूली लक्ष्य पूरे नहीं होते हैं, तो सोमवार को संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के लिए निगम आयुक्त के समक्ष नोटशीट प्रस्तुत की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

कार्यपालन यंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे वसूली कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें तथा वसूली अभियान में सक्रियता के साथ कार्य करें।करें।