अपना शहर

"सफाई व्यवस्था पर निगमायुक्त सख्त": ब्लैक स्पॉट पर दोबारा कचरा मिला तो जवाबदेही 'तय' होगी, निगमायुक्त ने वार्ड 58 सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया, सड़क-मरम्मत, स्ट्रीट- लाइट सुधार और ग्रीन बेल्ट विकसित करने के निर्देश

शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए केवल सफाई कराना ही नहीं, बल्कि साफ किए गए स्थानों पर दोबारा कचरा जमा होने से रोकना भी आवश्यक है, साइंस कॉलेज के बाहर भी विकसित होगी ग्रीन बेल्ट

ग्वालियर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, नागरिक सुविधाओं में सुधार करने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से  निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने बुधवार को क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 13, मोतीमहल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड क्र.-57, 58 एवं 59 में संपत्ति कर वसूली की प्रगति की समीक्षा की तथा वार्ड 58 में सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और निर्माण कार्यों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने विवेक विहार कॉलोनी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा साफ कराए गए ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई के बाद इन स्थानों पर दोबारा कचरा जमा नहीं होना चाहिए। इसके लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए केवल सफाई कराना ही नहीं, बल्कि साफ किए गए स्थानों पर दोबारा कचरा जमा होने से रोकना भी आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद अपर्णा पाटिल, कार्यपालन यंत्री  राजू गोयल,  महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी  वैभव श्रीवास्तव, सहायक यंत्री अभिलाषा बघेल, अजय शाक्यवार, स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी जगदीश सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सड़क, स्ट्रीट लाइट और पार्क की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

विवेक विहार स्थित मंदिर वाले पार्क के पीछे कुएं की क्षतिग्रस्त प्रोटेक्शन वॉल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही, क्षेत्र की सड़कों पर आवश्यक पैच रिपेयरिंग कराने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और हाईमास्ट लाइट की मरम्मत कराने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

साइंस कॉलेज के बाहर भी विकसित होगी ग्रीन बेल्ट

निगमायुक्त ने स्वामी विवेकानंद चौराहे पर पीआईयू (PIU) द्वारा विकसित ग्रीन बेल्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने साइंस कॉलेज की बाउंड्री वॉल के बाहर उपलब्ध रिक्त भूमि पर भी इसी प्रकार ग्रीन बेल्ट विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सड़क और ग्रीन बेल्ट के बीच उपलब्ध खाली स्थान पर पेवर ब्लॉक लगाने संबंधित अधिकारियों को कहा, जिससे यहाँ सौंदर्यीकरण होने के साथ-साथ व्यवस्थाएं भी बेहतर बन सकें।

नीडम ब्रिज के पास नाला निर्माण समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

हरिशंकरपुरम क्षेत्र में नीडम ब्रिज के पास निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की प्रगति के साथ निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था सुचारु हो सके।

 क्षेत्रीय कार्यालय के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश

क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 13, मोतीमहल के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने वार्ड 57, 58 एवं 59 में संपत्ति कर वसूली की प्रगति की जानकारी कर संग्राहकों (टीसी) से ली। नवनिर्मित क्षेत्रीय कार्यालय भवन के मुख्य प्रवेश द्वार के निर्माण एवं सुधार के लिए पीआईयू विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही, भवन में कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।किया।