अपना शहर

"राजस्व वसूली में कड़ी सख्ती"; बकाया राशि जमा नहीं करने पर आजाद मार्केट की दो दुकानें सील, निगमायुक्त चौधरी के निर्देश पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, राजस्व बकाया वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

बकायादारों से वसूली के लिए नगर निगम के राजस्व अमले द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है, गुरुवार को राजस्व वसूली में वार्ड क्रमांक-11 स्थित आजाद मार्केट एवं न्यू चंद्रशेखर आजाद मार्केट में कार्रवाई की गई

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा बकाया राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशानुसार राजस्व विभाग द्वारा बकायादारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बकाया राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों की दुकानों को सील किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को राजस्व वसूली जोन क्रमांक-4 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-11 स्थित आजाद मार्केट एवं न्यू चंद्रशेखर आजाद मार्केट में कार्रवाई की गई।

राजस्व विभाग की टीम ने बकाया राशि जमा नहीं करने पर आजाद मार्केट की दुकान क्रमांक-3 तथा न्यू चंद्रशेखर आजाद मार्केट की दुकान क्रमांक-34 को सील कर दिया। जिसमें आजाद मार्केट दुकान क्रमांक 3 के मूल आवंटी छदामीलाल /  धनीराम की दुकान को सील किया एवं न्यू चंद्रशेखर आजाद मार्केट में दुकान क्रमांक 22  जितेंद्र/ कैलाश चंद्र के द्वारा ₹20,000 राशि जमा की गई है । जिसमें शेष राशि 15 दिन में जमा करने के लिए बोला गया है एवं दुकान क्रमांक 34 गौरव/ कैलाश चंद की दुकान को सील किया गया।

 बकाया राजस्व वसूली में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

 इस कार्रवाई से नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया राजस्व की वसूली को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत बकायादारों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। निगम द्वारा बकाया राजस्व की वसूली के लिए संबंधित दुकानदारों को राशि जमा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि निगम की आय सुनिश्चित करने के साथ ही राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जा सके।

नगर निगम के राजस्व विभाग द्वारा शहर में बकाया कर एवं अन्य देय राशियों की वसूली के लिए अभियान निरंतर जारी है। निगम प्रशासन ने बकायादारों से अपील की है कि वे अपनी बकाया राशि समय पर जमा कराएं, जिससे सीलिंग सहित अन्य कार्रवाई से बचा जा सके।

राजस्व वसूली की इस कार्रवाई के दौरान नोडल अधिकारी राजस्व सत्येंद्र भदौरिया, कार्यालय अधीक्षक प्रमेंद्र जादौन, सहायक कार्यालय अधीक्षक संदीप शर्मा तथा टैक्स कलेक्टर  भारत गुर्जर सहित संबंधित अन्य अमला मौजूद रहा ।