अपना शहर

"टाइम-लिमिट बैठक में समीक्षा":जहाँ से अधिक शिकायतें आएं वहाँ विशेष फोकस कर समस्याओं का निराकरण करें,अधिक अवधि से लंबित सीएम हैल्पलाइन शिकायतों का विशेष गंभीरता के साथ निराकरण करने पर भी जोर दिया

समन्वय बैठक में सीईओ ने विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश, रावत ने सेवा-संकल्प अभियान एवं संबल पंजीयन व इससे संबंधित आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की

ग्वालियर। सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर जिस क्षेत्र से अधिक शिकायतें दर्ज हो रही हैं, संबंधित विभागीय अधिकारी उस क्षेत्र की शिकायतों का विश्लेषण कर अधिक शिकायत आने का कारण पता लगाएं। साथ ही उस क्षेत्र में विशेष फोकस कर जन समस्याओं का निराकरण करें, जिससे लोगों को सीएम हैल्पलाइन पर शिकायत करने की जरूरत न पड़े। यह  निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिक अवधि से लंबित सीएम हैल्पलाइन शिकायतों का विशेष गंभीरता के साथ निराकरण करने पर भी विशेष जोर दिया। 

  सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रावत ने सेवा-संकल्प अभियान एवं संबल पंजीयन व इससे संबंधित आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की। साथ ही राज्य शासन द्वारा निर्धारित केपीआई (की पर्फोमेंस इंडीकेटर) के तहत विभागवार हितग्राहीमूलक योजनाओं की लक्ष्यपूर्ति की समीक्षा भी की। 

 अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद व अनिल बनवारिया ने सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज प्राइवेट बीएड कॉलेजों द्वारा विद्यार्थियों की टीसी व मार्कशीट सहित अन्य दस्तावेज न दिए जाने संबंधित शिकायतों की सूची डाइट प्राचार्य से मांगी है। उन्होंने कहा कि इन सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक निराकृत कर विद्यार्थियों को दस्तावेज दिलाए जायेंगे। 

 जिले के विजन डॉक्यूमेंट से संबंधित जानकारी जिला योजना कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिए गए। साथ ही सांदीपनि स्कूल कुलैथ के बच्चों के लिये बस की व्यवस्था, मेला परिसर में प्रस्तावित स्वदेशी मेला तथा राज्य शासन के अन्य कार्यक्रमों की भी बैठक में समीक्षा की गई।