ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह 15 अक्टूबर को राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। इस दिन अपरान्ह 3.30 बजे कृषि विवि के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित होने जा रहे इस दीक्षांत समारोह में 666 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जायेंगीं। कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना एवं भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह से पहले राज्यपाल मंगुभाई पटेल अपरान्ह 3.15 बजे कृषि महाविद्यालय स्थित सीएआईआई में नवीन सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट का लोकार्पण करेंगे।
कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो अरविंद कुमार शुक्ला ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 4 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जायेंगे, इनमें स्नातक के 2 एवं पीजी व पीएचडी के 1-1 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा तीन विद्यार्थियों को सिरताज बहादुर सिन्हा स्मृति नगद पुरस्कार दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह में गत 01 अक्टूबर 2025 से 30 सितम्बर 2026 के बीच उपाधि पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जायेंगीं। इनमें स्नातक के 345 स्नातकोत्तर के 294 एवं पीएचडी के 27 विद्यार्थियों सहित कुल 666 विद्यार्थियों को मिलने वाली उपाधियां शामिल हैं। समारोह में छात्र-छात्राओं के साथ उनके परिजन भी शामिल होंगे।
राज्यपाल पटेल 15 अक्टूबर को ग्वालियर के दो दिवसीय प्रवास पर आएंगे, कृषि विवि एवं संगीत विवि के दीक्षांत समारोहों में शामिल होंगे
राज्यपाल मंगुभाई पटेल 15 अक्टूबर को ग्वालियर के दो दिवसीय प्रवास पर पधारेंगे। ग्वालियर प्रवास के दौरान राज्यपाल राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय एवं राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विवि के दीक्षांत समारोहों में शामिल होंगे।
राज्यपाल के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार राज्यपाल मंगुभाई पटेल 15 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे वायुमार्ग से राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल महाराजपुरा पहुँचेंगे। यहाँ से व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार जायेंगे। राज्यपाल पटेल इस दिन दोपहर बाद 3.15 बजे कृषि कॉलेज में सेंट्रल प्रोसेसिंग लाइन का उदघाटन करेंगे। इसके बाद अपरान्ह 3.45 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विवि के सभागार में पहुँचकर विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पहुँचकर विश्राम करेंगे। राज्यपाल पटेल 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विवि के 7-वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। यह दीक्षांत समारोह भी राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित होगा। इसके कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राज्यपाल पटेल दोपहर 1 बजे व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार पहुँचेंगे। उसके बाद पटेल दोपहर लगभग 2.05 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल से वायुमार्ग से भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
